पंजाब: तरन तारन की चर्च में तोड़फोड़ की कोशिश, सीएम मान ने दिए जांच के आदेश
चंडीगढ़, 31 अगस्त: पंजाब के तरन तारन में एक बार फिर भारी बवाल मच गया है। जिले में चर्च में तोड़फोड़ के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। कुछ असमाजिक तत्वों ने गिरजाघर में यीशु की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने और कार को आग के हवाले करने की कोशिश की। यह घटना अमृतसर जिले के ददुआना गांव में ईसाई मिशनरियों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कथित रूप से बाधा डालने के आरोप में कुछ निहंगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के दो दिन बाद हुई है।

यीशु और मदर मैरी की मूर्तियों को तोड़ने की कोशिश
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ लोगों का झुंड तरनतारन जिले के पट्टी इलाके में जबरन चर्च में दाखिल होने लगा और यीशु और मदर मैरी की मूर्तियों को तोड़ने और कार में आग लगाने का प्रयास किया। बदमाशों ने जिस कार में आग लगाने की कोशिश की वह पादरी की बताई जा रही है।
पुलिस ने की 4 लोगों की पहचान
तरन तारन एसएसपी आरएस ढिल्लों ने घटना को लेकर कहा कि कुछ लोगों ने चर्च में यीशु की मूर्ति को तोड़ने और कार में आग लगाने की कोशिश की। हम जांच कर रहे हैं और हमारे पास अहम सुराग हैं। 4 लोग थे, हम दोषियों के पीछे हैं। हम इसे जल्द ही सुलझा लेंगे, प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक शख्स बार-बार मूर्ति को कुल्हाड़ी से मारते देखा गया है।
वहीं पट्टी कैथोलिक चर्च के फादर थॉमस पी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि 4 लोग हमारे कैंपस में आए और प्रभु यीशु की प्रतीमा को तोड़ा और हमारी गाड़ी को आग लगा दी। वे लोग करीब 25 मीनट तक कैंपस में थे। सारे पुलिस अधिकारी यहां आए थे और उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने गार्ड को भी बंदूक की नोंक पर रखा था।
सीएम मान ने की घटना निंदा, दिए जांच के आदेश
इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चर्च में अभद्रता और आग की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा, "यह बेहद निंदनीय घटना है और इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications