Punjab को 'कठपुतली शो' की तरह चला रहे, AAP सरकार के 3 साल पूरे होने पर BJP ने केजरीवाल को यूं घेरा
Punjab Politics: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार को तीन साल पूरे हो गए हैं, बीजेपी ने इन तीन वर्षों में राज्य की स्थिति लगातार बिगड़ने का आरोप लगाया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के महासचिव तरुण चुग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए इसे 'कठपुतली सरकार' करार दिया और आरोप लगाया कि पंजाब को 'कानूनविहीन' राज्य बना दिया गया है।
चुग ने कहा कि पंजाब आज भय, असुरक्षा और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और राज्य अब तक के 'सबसे बड़े सुरक्षा संकट' से गुजर रहा है। हाल ही में अमृतसर के ठाकुरद्वारा मंदिर के बाहर हुए विस्फोट की घटना को चुग ने 'पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था' का एक और उदाहरण बताया।

Punjab BJP: 'राष्ट्रविरोधी ताकतों को खुली छूट क्यों दी जा रही है?'
उन्होंने कहा, 'यह कोई अकेली घटना नहीं है। पंजाब में धार्मिक स्थलों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे आप सरकार की नाकामी साफ उजागर होती है।' उन्होंने भगवंत मान सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि 'जब पंजाब पर हमले हो रहे हैं, तो मुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं? अपराधियों और राष्ट्रविरोधी ताकतों को खुली छूट क्यों दी जा रही है?'
Punjab AAP: पुलिस को बनाया 'राजनीतिक हथियार'
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पुलिस को 'राजनीतिक हथियार' बना दिया है, जबकि आम जनता डर के साए में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि कभी 'रंगला पंजाब' के नाम से पहचाने जाने वाला यह राज्य अब नशे, अपराध और आर्थिक तंगी का केंद्र बन गया है।
चुग ने दावा किया कि 'जो पंजाब कभी पूरे देश का पेट भरता था, वह आज अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए संघर्ष कर रहा है। किसान, व्यापारी और उद्योग सभी गहरे संकट में हैं, जबकि पंजाब की अर्थव्यवस्था लगातार नीचे जा रही है और सरकार के पास इसे पटरी पर लाने की कोई योजना नहीं है।'
Punjab Politics: AAP सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप
चुग ने पंजाब को देश के 'सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले राज्यों' में से एक बताते हुए कहा कि राज्य सरकार राजस्व बढ़ाने, रोजगार सृजन करने और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि 'आप सरकार केवल प्रचार और खोखले वादों पर केंद्रित रही है, जबकि पंजाब की जनता परेशान है।'
उन्होंने आम आदमी पार्टी से पूछा, 'महिलाओं के लिए 1,000 रुपये का भत्ता कहां है? वादे के मुताबिक मेडिकल कॉलेज कहां हैं? युवाओं को दिए गए रोजगार के वादों का क्या हुआ?' चुग ने आप पर चुनावी वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया।
Punjab News: 'दिल्ली से चल रही कठपुतली सरकार'
बीजेपी नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान केवल नाम मात्र के मुख्यमंत्री हैं और असली सत्ता दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के हाथों में है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'पंजाब की सरकार को एक 'कठपुतली शो' की तरह चलाया जा रहा है, जहां फैसले दिल्ली में होते हैं और राज्य का नेतृत्व पूरी तरह अक्षम और दिशाहीन है।'
Punjab Politics: 2027 में AAP को सत्ता से हटाने का दावा
चुग ने कहा कि पंजाब की जनता अब अपनी गलती समझ चुकी है और 2027 के चुनावों का इंतजार कर रही है, जब वे आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर कर भारतीय जनता पार्टी को मौका देगी। उन्होंने कहा, 'पंजाब को बचाने के लिए बीजेपी ही एकमात्र विकल्प है।' (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications