पटियालाः दूसरे जाति के प्रेमी के पास से लौटी थी लड़की तो पिता ने कर दी हत्या फिर जला दी लाश
पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है, जहां बेटी दूसरी जाति के युवक के साथ घर से भाग गई थी तो उसे घर वालों ने मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं उसका अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि उसकी अस्थियों के विसर्जन से पहले ही पुलिस ने परिजनों को धर दबोचा। थाना बनूड़ के इंचार्ज सुभाष कुमार ने बताया कि पुलिस ने मनौली सूरत गांव की रहने वाली लड़की के पिता राम सिंह के साथ चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
घरवालों ने की थी खोजबीन
पुलिस ने मृतका के अस्थियों को अपने कब्जे में ले लिया है। जबकि आरोपित पिता फरार चल रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपित पिता राम सिंह की बेटी जो कि 12वीं कक्षा में पढ़ती थी उसका हरियाणा के रहने वाले लड़के के साथ प्रेम प्रसंग काफी लंबे समय से चल रहा था। प्रेमी दूसरी जाति से संबंध रखता था, जिससे घरवाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि एक हफ्ते पूर्व युवती हरियाणा के युवक के पास चली गई थी। इसके बाद घरवालों ने उसकी काफी खोजबीन की।
बेटी लौटी घर तो घर वालों में था गुस्सा
इसी दौरान हरियाणा में लॉकडाउन के वक्त पुलिस ने प्रेमी जोड़े को पकड़ लिया और दोनों के परिवारों को थाने में बुलाया। थाने में दोनों परिवारों के बीच राजीनामा करवा लिया गया। इसके बाद पुलिस ने लड़के व लड़की को उनके परिजनों के हवाले कर दिया। लड़की के परिजन उसे घर तो ले आए, लेकिन बेटी के दूसरी जाति के लड़के के साथ जाने से वह दुखी थे। उनके मन में लड़की के प्रति काफी गुस्सा भरा हुआ था।
पिता ने उतार दिया मौत के घाट
वह लड़की के गैर जाति के लड़के के साथ जाने पर बेइज्जती महसूस कर रहे थे। इसी गुस्से में पिता राम सिंह ने एक अप्रैल को तड़के तीन बजे बेटी का कत्ल कर दिया और सूरज चढ़ने से पहले ही उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। मामले की भनक लोगों को लगी तो उन्होंने पुलिस को इस बारे में बताया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया है। युवती का पिता फरार है।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके नीतीश कुमार की हत्या के लिए 25 लाख का इनाम घोषित किया, गिरफ्तार