पंजाब: नशे के खात्मे के लिए सरकार ने खुलवाए यहां 11 ओट सेंटर, पीड़ित घर के पास ही ले सकेंगे दवाई
फिरोजपुर। पंजाब सरकार ने नशे के खात्मे के लिए यहां 11 नए ओट सेंटर खोले हैं। नशा करने वाले लोग इन सेंटर्स पर दवा लेकर नशे की लत से दूर हो सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, पीड़ितों को गांव से कुछ ही दूरी पर नशा छोड़ने की दवाई दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने ये सेंटर खुलवाए हैं। सरकार का उद्देश्य लोगों को सिंथेटिक नशे से दूर करना है। वहीं, पुलिस विभाग को भी इसके लिए विशेष जिम्मेवारी सौंपी गई है कि अगर कोई व्यक्ति कम मात्रा में नशे के साथ पकड़ा जाता है या नशा करने वाले की सूचना मिलती है तो उसे तुरंत नशामुक्ति केंद्र पहुंचाए, ताकि वह इलाज करवाकर अपने घर के पास ही ओट सेंटर से दवाई लेकर नशा छोड़ सके।

राज्य सरकार ने यह फैसला सिविल अस्पताल में बने ओट सेंटर व अन्य सेंटरों में मरीजों की भीड़ को कम करने के लिए भी लिया है। अधिकारियों ने बताया कि, नए ओट सेंटर फिरोजपुर जिले में यूपीएचसी सिटी बस्ती टैंकां वाली, स्वास्थ्य केंद्र छावनी, लक्खो के बहराम, नूरपुर सेठां, आरिफ के, जीवां अराईं, सोहनगढ़ रत्तेवाला, मुदकी, लल्ले, कस्सूआना व वकीलांवाली इलाके में खोले गए हैं। यहां मरीजों को एक दिन की ही दवाई मिलेगी। इससे पहले जिला सिविल अस्पताल, गुरु हरसहाए, ममदोट, मक्खू, एसडीएच जीरा, फिरोजशाह, मल्लांवाला व सेंट्रल जेल में 8 ओट सेंटर चल रहे हैं, यहां रोजाना करीब 7 हजार लोग नशा छोड़ने की दवाई ले रहे हैं।

एक ओट सेंटर जिला सिविल अस्पताल में पहले से चल ही रहा है, जहां डॉक्टर के परामर्श से पीड़ितों को 14 दिन की दवाई एक साथ दी जा रही है तो वहीं अन्य सेंटरों में मरीजों को रोजाना ही जीभ पर रखने वाली गोली डॉक्टर की सलाह दी जाती है। अधिकारियों के मुताबिक स्वास्थ्य केंद्रों के स्टाॅफ को ही ट्रेनिंग देकर नए ओट सेंटरों में तैनात किया गया है। इसके अलावा अब पीड़ितों को पुलिस नए केंद्रों तक पहुंचाएगी, ताकि वे नशे से तौबा करें। इस बारे में खुद एसएसपी चरणजीत सिंह सोहल ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों ने कर्मचारियों को नशामुक्त पंजाब बनाने की मुहिम में योगदान देने के निर्देश दिए हैं। नशा करने वाले व्यक्ति को उसकी इच्छानुसार नशामुक्ति केंद्रों में पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications