Punjab Election 2027: AAP की पहली लिस्ट में छूटे कई बड़े नाम, पार्टी के निशाने पर Low Risk High Gain
Punjab Election 2027 के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। दिल्ली में पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान की मौजूदगी में हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की मैराथन बैठक के बाद यह बड़ा ऐलान किया गया। खास बात यह है कि इस पहली लिस्ट में पार्टी ने किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए अपने पुराने और भरोसेमंद चेहरों पर ही दांव खेला है। हालांकि, इस पूरी सूची के केंद्र में कुछ खास सीटें और उपचुनावों के जरिए बदले समीकरण भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
सीएम भगवंत मान फिर धूरी से ठोकेंगे ताल
आम आदमी पार्टी की इस पहली सूची के मुताबिक, मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर अपनी परंपरागत और सुरक्षित मानी जाने वाली धूरी विधानसभा सीट से ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा पार्टी ने अपने कई दिग्गज मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को दोबारा उन्हीं सीटों से टिकट दिया है, जिनका प्रदर्शन पिछले चुनाव में मजबूत रहा था।

पार्टी द्वारा जारी सूची में विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा से, कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला से, ब्रह्म शंकर जिंपा को होशियारपुर से, बलकार सिंह को करतारपुर से और अमनशेर सिंह शेरी कलसी को बटाला से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी इस बार सत्ता विरोधी लहर (Anti-incumbency) के जोखिम से बचने के लिए पुराने और स्थापित चेहरों के साथ उतरने की रणनीति पर काम कर रही है।
पार्टनर तुम्हारी पॉलिटिक्स क्या है?
दिल्ली में हुई अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान की बैठक के झटपट बाद पहली सूची जारी करने से जो बात आम तौर पर समझी जा रही है वो ये है कि आम आदमी पार्टी पंजाब में समय से पहले उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुनावी मैदान में बढ़त बनाने के साथ-साथ स्पष्ट संदेश देना चाहती है कि पार्टी अपने पुराने नेतृत्व के साथ मैदान में उतरने जा रही है।
वनइंडिया पंजाबी के संपादक विनयपाल जैद बताते हैं कि आम आदमी पार्टी पंजाब में नेतृत्व को लेकर संशय की स्थिति से बचना चाहती है इसीलिए उन्होने पहली लिस्ट के जरिए एक क्लियर मैसेजिंग दिया है। दूजा, 40 लोगों की पहली सूची में ऐसे नेताओं के नाम रखे गए हैं जो अपेक्षाकृत कम विवादित बयान दिए थे। पार्टी उन चेहरों पर दांव लगा रही है जो पंजाब में लोकप्रिय हैं साथ ही साथ उनपर कंट्रोवर्सी या तो नहीं है या कम है। मतलब 'No/low risk politics'।
लेकिन पहली सूची से कुछ नामों के गायब रहने पर भी विनयपाल जैद सवाल उठाते हैं, इनमें शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और पंजाब आप प्रमुख अमन अरोड़ा का नाम नहीं होना चौंकाने वाला है। क्या बैंस का टिकट पंजाब में सरकारी परीक्षाओं में धांधली की आरोप की भेंट चढ गया है या आने वाली सूची के लिए रिजर्व रखा गया है? लिस्ट में मुख्यमंत्री का नाम तो है लेकिन प्रदेश अध्यक्ष का नहीं। आप की पहली लिस्ट कई सवाल छोडते हैं। इनमें एक और प्रमुख सवाल यह भी है कि तरनतारन से हरमीत सिंह संधु, खेमकरण सरवन सिंह धुन और करतारपुर साहिब से बलकार सिंह को रिपीट किस आधार पर किया गया है।

उपचुनाव जीतने वाले चेहरों पर फिर से भरोसा
AAP की पहली लिस्ट में ज़्यादातर पुराने चेहरे शामिल हैं, लेकिन कुछ सीटें ऐसी हैं जहां उपचुनाव के नतीजों और रणनीतिक बदलावों का स्पष्ट असर दिखाई देता है। तरनतारन, चब्बेवाल और लुधियाना पश्चिम जैसी सीटों पर पार्टी ने उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले अपने नेताओं को ही दोबारा मैदान में उतारा है।
लुधियाना पश्चिम पर उपचुनाव के बाद से राजनीतिक समीकरण काफी चर्चा में रहे हैं। पार्टी ने यहां से अपने उम्मीदवार पर फिर से भरोसा जताया है। चब्बेवाल सीट साल 2022 के चुनाव में कांग्रेस के पास थी, जहां डॉ. राज कुमार चब्बेवाल जीते थे। बाद में उनके पाला बदलकर AAP में आने और उपचुनाव होने के बाद, पार्टी ने उनके बेटे डॉ. इशांक कुमार को मैदान में उतारा था। अब 2027 के मुख्य चुनाव में भी पार्टी ने डॉ. इशांक कुमार पर ही अपना भरोसा कायम रखा है। वहीं, तरनतारन सीट पर विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद हुए उपचुनाव में हरमीत सिंह संधू ने जीत दर्ज की थी। पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए भी हरमीत सिंह संधू को ही दोबारा उम्मीदवार बनाया है।


Click it and Unblock the Notifications
