दुष्कर्म केस को दबाने के लिए ₹5 करोड़? पीड़ित के आरोप पर NHRC का हस्तक्षेप, पंजाब सरकार ने दिए जांच के आदेश
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर पर एक दुष्कर्म के मामले को दबाने के लिए ₹5 करोड़ की रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने आरोप का संज्ञान लेते हुए पंजाब सरकार को मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं और 2 हफ्ते के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) पेश करने का अल्टीमेटम दिया है।
यह पूरा मामला अमृतसर के सिविल लाइन्स थाने में 29 अप्रैल 2026 को दर्ज FIR नंबर 77 से जुड़ा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस जांच पर पक्षपात, राजनीतिक दबाव और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए NHRC और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

क्या है पूरा मामला?
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में दायर याचिका के अनुसार, पीड़िता के परिवार ने आरोपी पर शादी का झांसा देकर अपहरण करने, जबरन शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं।
पीड़ित परिवार का दावा है कि स्थानीय पुलिस आरोपियों के प्रभाव में काम कर रही थी और FIR रद्द कराने (Cancellation Report दाखिल करने) के लिए परिवार पर लगातार दबाव बना रही थी। इसी बीच, पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस रणजीत सिंह ने NHRC में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि सीएम भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने इस FIR को रद्द कराने के एवज में ₹5 करोड़ की रिश्वत की मांग की थी।
NHRC और हाईकोर्ट का कड़ा रुख
NHRC के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने कहा कि महिला सुरक्षा और इतने उच्च पद से जुड़े व्यक्ति पर लगे आरोपों को हलके में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने पंजाब के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को जांच के आदेश दिए हैं। कानूनगो ने साफ कहा कि "अधिकारियों को जनता की भलाई के लिए काम करना चाहिए, यदि वे किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव में काम करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।" NHRC ने इस मामले को केंद्रीय गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा प्रभाग (Women's Safety Division) को भी भेज दिया है।
इसी के साथ, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट (जस्टिस मनदीप पन्नू की पीठ) ने मामले की निष्पक्षता पर परिवार की आशंकाओं को सही मानते हुए 20 जुलाई 2026 को पंजाब के DGP को निर्देश दिया कि पूरी जांच स्पेशल DGP (महिला मामले/कल्याण) की देखरेख में कराई जाए। साथ ही, किसी ऐसे वरिष्ठ राजपत्रित अधिकारी (Gazetted Officer) को जांच सौंपी जाए जो पहले इस केस से न जुड़ा हो। कोर्ट ने हालांकि सीबीआई जांच की मांग फिलहाल स्वीकार नहीं किया लेकिन मामले में कड़ी और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।
पीड़ित परिवार के मुख्य आरोप
पीड़ित परिवार ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में राज्य पुलिस के पक्षपातपूर्ण रवैय्ये की शिकायत करते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस निष्पक्ष जांच करने के बजाय आरोपियों को फायदा पहुँचा रही है। परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने उनके घर आकर केस वापस लेने का दबाव बनाया। आरोपी पक्ष ने पीड़िता के भाई को धमकी दी कि उसकी बहन की शादी कहीं नहीं होने देंगे और पिता को आत्महत्या के लिए उकसाने की नीयत से अश्लील वीडियो लीक करने की धमकी दी। उनका कहना है कि आरोपी पक्ष विदेश से मिले पैसों और राजनीतिक रसूख के बल पर केस को दबाने की कोशिश कर रहा है।
डॉ. गुरप्रीत कौर और पंजाब सरकार का पक्ष
अपने ऊपर लगे तमाम आरोपों को सिरे से खारिज़ करते हुए डॉ. गुरप्रीत कौर ने झूठे आरोप लगाने के सिलसिले में जस्टिस रणजीत सिंह को लीगल नोटिस भेजा है और 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है। इस बीच पंजाब सरकार के वकील ने हाईकोर्ट में कहा कि जांच पूरी तरह से कानून के दायरे में हो रही है। आरोपी की रिहाई सक्षम मजिस्ट्रेट द्वारा साक्ष्यों के आधार पर की गई थी, किसी अनुचित दबाव में नहीं। दूसरी तरफ, आरोपी पक्ष ने राजनीतिक दबाव या पैसे मांगने के सभी दावों को "झूठा, बेबुनियाद और निराधार" बताया है।
पंजाब की राजनीति में गर्माया माहौल
भगवंत मान सरकार से जुड़े व्यक्तियों पर पहले भी कई आरोप लग चुके हैं। चाहे वह पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला की बर्खास्तगी हो, पूर्व मंत्री फौजा सिंह सरारी का कथित ऑडियो विवाद हो या फिर CM के OSD से जुड़े तबादले और जमीनों के CLU अप्रूवल से जुड़े ED के मामले हों।
अब मुख्यमंत्री की पत्नी पर सीधे तौर पर लगे इन आरोपों ने पंजाब की राजनीति में भूचाल ला दिया है। NHRC की 15 दिनों की समय सीमा और नई SIT जांच पर अब पूरे राज्य और मानवाधिकार संगठनों की नजरें टिकी हुई हैं।


Click it and Unblock the Notifications
