CM बोले- पंजाब में अब कोई गैंगस्टर 'आका' नहीं, मैं 2.75 करोड़ आबादी की सुरक्षा की गारंटी लेता हूं
अमृतसर। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी 2 गैंगस्टर पुलिस व स्पेशल कमांडोज ने मार गिराए। उनकी मुठभेड़ करीब 4 घंटे चली। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों समेत एक पत्रकार भी घायल हो गया। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि जवाबी कार्रवाई में दोनों गैंगस्टर मारे गए। इस घटना पर पंजाब के सीएम भगवंत मान का बयान आया है।

आज सीएम भगवंत मान ने कहा कि, अमृतसर के एक गांव में कल जो मुठभेड़ हुई, उसका लाइव मीडिया कवरेज किया गया था। मैं पंजाब की जनता को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हमारी सरकार हर पंजाबी की सुरक्षा करेगी। मेरी सरकार में कोई गैंगस्टर 'आका' नहीं होगा। जो अपराध करेगा, उसे दंडित किया जाएगा। गैंगस्टरों को बख्शा नहीं जाएगा।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी गैंगस्टरों के एनकाउंटर पर सीएम बोले कि, हमारे जाबांज सिपाहियों ने अपनी अपनी जान जोखिम में डालकर हत्यारों को मारा। मैं सिपाहियों के हौंसले को दाद दे रहा हूं। उक्त एनकाउंटर को अंजाम देने वाले पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों को बधाई देता हूं...। साथ ही मैं कह रहा हूं कि 2.75 करोड़ (पंजाब की) आबादी की सुरक्षा की गारंटी लेता हूं। यह मेरी जिम्मेदारी है।
सीएम बोले, 'पुलिस अधिकारियों ने मुझे बताया कि जो गैंगस्टर कल एनकाउंटर में मारे गए, वो शार्पशूटर थे। पहले उनकी पहचान की गई थी, और फिर एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने उनका पीछा किया। उन्हें अमृतसर के एक गांव में खोजा गया था। उन्हें आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। उनके पास एके-47 भी थी। हमारे जवानों ने बहुत बहादुरी से उनका मुकाबला किया और अंतत: उन्हें मार गिराया।'












Click it and Unblock the Notifications