Punjab Cabinet Reshuffle: भगवंत मान कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, 5 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
Punjab Cabinet Reshuffle: भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने सोमवार (23 सितंबर) को एक अहम कैबिनेट फेरबदल करते हुए चंडीगढ़ के राजभवन में आम आदमी पार्टी (AAP) के पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत AAP के अन्य नेता और मंत्री समारोह में मौजूद थे। सभी नए मंत्रियों ने पंजाबी में शपथ ली।

इन विधायकों को मिला मौका
मंत्री पद की शपथ लेने वालों में सानेवाल विधायक हरदीप सिंह मुंडिया, लेहरा विधायक बरिंदर गोयल, जालंधर पश्चिम से विधायक मोहिंदर पाल भगत, खन्ना से विधायक तरुण प्रीत सिंह सौंध और शाम चौरसिया से विधायक डॉ. रवजोत सिंह का नाम शामिल हैं।
मंत्री पद की शपथ लेने के बाद AAP नेता तरुणप्रीत सिंह सोंड ने कहा, "मैं पार्टी हाईकमान - अरविंद केजरीवाल, सीएम भगवंत मान का शुक्रिया अदा करता हूं। मैं पूरे दिल से पंजाब की सेवा में काम करूंगा।" वहीं बरिंदर कुमार गोयल ने कहा, "कैबिनेट मंत्री के तौर पर मैं पंजाब की सेवा में ईमानदारी से काम करूंगा - मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वे मुझे इसके लिए शक्ति दें।"
30 महीने में चौथा कैबिनेट फेरबदल
रवजोत सिंह मुंडियां ने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है, मैं ईमानदारी से काम करूंगा। बता दें कि पांच नए मंत्रियों में तीन मालवा क्षेत्र से और दो दोआबा क्षेत्र से हैं। बता दें कि मौजूदा वक्त में मान के नेतृत्व वाली कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित 15 सदस्य हैं। कैबिनेट में अधिकतम 18 मंत्री हो सकते हैं। गौरतलब है कि तीन साल से भी कम समय पहले बनी आप सरकार में यह चौथा कैबिनेट फेरबदल है।
4 मंत्रियों को दिखाया बाहर का रास्ता
इससे पहले चार मंत्रियों चेतन सिंह जौरामाजरा (जनसंपर्क, रक्षा सेवाएं और बागवानी), अनमोल गगन मान (पर्यटन और निवेश प्रोत्साहन), बलकार सिंह (स्थानीय सरकार और संसदीय मामले) और ब्रह्म शंकर जिम्पा (राजस्व) को सीएम मान ने कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications