चन्नी ने कहा- जो रकम पकड़ी गई उससे मेरा कोई लेना देना नहीं, तो कंग बोले- कारनामे जल्द ही उजागर होंगे
चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के अवैध रेत खनन एवं मनी लांड्रिंग मामले में ईडी की पूछताछ के बाद उनके द्वारा दिए बयान को आम आदमी पार्टी ने हास्यास्पद करार दिया है। आप के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि "चन्नी का बयान बेहद हास्यास्पद है। मगर इससे मुश्किलें कम नहीं होगीं। उनके कारनामे जल्द ही उजागर होंगे।"

बता दें कि, मनी लॉन्ड्रिंग केस जेल भेजे गए भूपिंदर सिंह हनी से बरामद 10 करोड़ रुपए को लेकर ईडी ने पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से करीब 3 घंटे पूछताछ की थी। चन्नी हनी के मौसा लगते हैं। उनसे ईडी ने सवाल किया कि, हनी ने ये मान लिया है कि बरामद कैश रेत खनन व पोस्टिंग और ट्रांसफर के बदले मिला था। इसके सुबूत हनी के मोबाइल से मिले हैं। इस पर चन्नी ने कहा- यह सब झूठ है। उससे जो कुछ आपको मिला, मेरा उससे कोई लेना-देना नहीं है। बाद में चन्नी ने मीडिया के समक्ष बयान दिया कि 'ईडी उनके जवाबों से संतुष्ट है'।

चन्नी के बयान पर सत्तारूढ़ पार्टी आप ने निशाना साधा, और उसके नेता कंग ने कहा कि जल्द ही पंजाब की जनता के सामने उनके काले कारनामे उजागर होंगे। कंग ने कहा कि, ऐसे बयान देकर चन्नी खुद को खुद से ही क्लीन चिट दे रहे हैं और अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों से बचने की कोशिश कर रहे हैं। जबकि, मुख्यमंत्री रहते हुए चन्नी ने पंजाब में खुलकर रेत माफिया चलाया और अपनी और अपने रिश्तेदारों की तिजोरियां भरीं।'
'10 करोड़ रुपए चन्नी के हो सकते हैं'
बता दें कि, हनी, जो अभी भी जेल में है, ने बीते मंगलवार को जमानत के लिए आवेदन किया था। ईडी का कहना है कि हनी से जब्त किए गए 10 करोड़ रुपये चन्नी के हो सकते हैं। ईडी ने नवांशहर जिले के राहों पुलिस थाने में दर्ज अवैध रेत खनन मामले में 18 और 19 जनवरी को लुधियाना, मोहाली, पठानकोट, रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब में 10 स्थानों पर छापेमारी की थी। हनी का साथी कुदरतदीप सिंह भी इस मामले में आरोपी था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया था।












Click it and Unblock the Notifications