पंजाब की AAP सरकार ने शहीदी सभा के लिए फतेहगढ़ साहिब में करवाए ये खास इंतजाम, CM भगवंत मान ने दी हर डिटेल
फतेहगढ़ साहिब की पावन धरती पर छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह, बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी की महान शहादत को नमन करने के लिए आयोजित शहीदी सभा के अवसर पर पंजाब सरकार ने संगत की सुविधा के लिए अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। प्रेस कान्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि स्वास्थ्य, आवागमन, सुरक्षा, सफाई और अन्य सभी व्यवस्थाओं को इस तरह से मजबूत किया गया है कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य सुविधाओं को दी गई सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने बताया कि संगत की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए 20 आम आदमी क्लीनिक और 5 डिस्पेंसरी स्थापित की जा रही हैं, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ पूरा मेडिकल स्टाफ मौजूद रहेगा। इन केंद्रों में दवाइयों और जरूरी मेडिकल उपकरणों की पूरी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 60 एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात रहेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।

मुफ्त आवागमन और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन
संगत के आने-जाने को सुगम बनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा 'इंटर सिटी शटल बस सेवा' शुरू की जा रही है। इसके तहत 200 शटल बसें और 100 ई-रिक्शा पार्किंग स्थलों से गुरुद्वारा साहिब और अन्य प्रमुख स्थानों तक श्रद्धालुओं को पहुंचाएंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गूगल की सेवाएं ली जा रही हैं, जिससे सड़कों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलेगी और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जा सकेगी। वाहनों के लिए 5 बड़ी और 16 छोटी पार्किंग बनाई गई हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शहीदी सभा के दौरान संगत की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 3300 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहेंगे। एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है और सहायता के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 0176-3232838 जारी किया गया है। शहर के प्रमुख स्थानों पर 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जबकि ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी जाएगी। मोबाइल सेवाओं को निर्बाध रखने के लिए अस्थायी टावर भी लगाए जा रहे हैं।
सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की पवित्रता बनाए रखने के लिए सफाई व्यवस्था को सबसे अहम माना गया है। विभिन्न जिलों से मशीनरी मंगवाकर सफाई करवाई जा रही है और वॉलंटियरों की टीमें दिन-रात शिफ्टों में ड्यूटी निभाएंगी ताकि पूरे शहर को स्वच्छ रखा जा सके।
मानवता की सेवा के लिए रक्तदान शिविर
शहीदी सभा के दौरान पंजाब सरकार की ओर से विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा, जिससे जरूरतमंदों की मदद की जा सके। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत रूप से रक्तदान शिविर लगाने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शिरोमणि कमेटी को पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि संगत की सेवा सरकार का सबसे बड़ा कर्तव्य है। यदि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से किसी भी प्रकार की अतिरिक्त मांग आती है तो पंजाब सरकार उसे पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग देगी।
पवित्र शहरों के दर्जे में शमिल
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अमृतसर की वॉल्ड सिटी, तलवंडी साबो और श्री आनंदपुर साहिब को पवित्र शहर घोषित किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे दुनियाभर में बसे सिखों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। यह घोषणा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर की गई थी।
प्रदूषण और नाम बदलने के मुद्दे पर केंद्र पर निशाना
मुख्यमंत्री ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि जहां पंजाब का एयर क्वालिटी इंडेक्स 70 से 110 के बीच है, वहीं दिल्ली का एक्यूआई 500 तक पहुंच चुका है। साथ ही मनरेगा योजना का नाम बदलने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि नाम बदलने से व्यवस्था नहीं बदलती, बल्कि जनता की भलाई के लिए ठोस फैसले लेने से बदलाव आता है। इस मौके पर मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications