Aam Aadmi Clinic: मातृ मृत्यु दर घटाने के लिए मास्टर स्ट्रोक, पंजाब में गर्भवती महिलाओं को मिल रही फ्री सुविधा
Aam Aadmi Clinic: पंजाब में गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य सरकार ने अपने 883 आम आदमी क्लीनिकों के जरिए ऐसा सिस्टम शुरू किया है, जहां प्रेगनेंसी से जुड़ी सभी जरूरी जांचें और अल्ट्रासाउंड पूरी तरह मुफ्त किए जा रहे हैं। इस पहल का मकसद माताओं और बच्चों की सेहत को सुरक्षित बनाना और इलाज को हर महिला की पहुंच में लाना है।
पंजाब में पहले हालात काफी चिंताजनक थे। आंकड़ों के अनुसार, 70 प्रतिशत से भी कम गर्भवती महिलाएं पहली बार जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंच पाती थीं। मातृ मृत्यु दर भी अधिक थी, जो प्रति एक लाख बच्चों पर करीब 90 थी। हर साल लगभग 4.3 लाख महिलाएं गर्भवती होती हैं, ऐसे में समय पर जांच और इलाज न होना एक बड़ी समस्या बन चुका था।

Aam Aadmi Clinic: अब क्या बदला है?
अब आम आदमी क्लीनिकों में गर्भवती महिलाओं को घर के पास ही सभी जरूरी जांच की सुविधा मिल रही है। इनमें शामिल हैं:
- एचआईवी और सिफलिस की जांच
- खून, शुगर और थायराइड टेस्ट
- हेपेटाइटिस की जांच
- बच्चे की दिल की धड़कन की जांच
- कोलेस्ट्रॉल और हीमोग्लोबिन टेस्ट
ये सभी जांचें बिल्कुल मुफ्त की जा रही हैं।
Aam Aadmi Clinic: अल्ट्रासाउंड भी अब मुफ्त
इस योजना की सबसे खास बात अल्ट्रासाउंड सुविधा है। बाजार में जहां एक अल्ट्रासाउंड के लिए 800 से 2,000 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं, वहीं अब आम आदमी क्लीनिक की रेफरल स्लिप के जरिए सरकारी और सूचीबद्ध निजी केंद्रों में यह जांच मुफ्त कराई जा रही है। इससे गर्भवती महिलाओं पर आर्थिक बोझ काफी कम हुआ है।
चार महीनों में दिखा बड़ा असर
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सिर्फ चार महीनों में 10,000 से ज्यादा महिलाओं को मुफ्त अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिली है, जिससे करीब 1 करोड़ रुपये की बचत हुई है। हर महीने लगभग 20,000 गर्भवती महिलाएं आम आदमी क्लीनिकों में जांच के लिए पहुंच रही हैं। इनमें से हर महीने करीब 5,000 हाई-रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान की जा रही है, जिन्हें आगे विशेषज्ञ इलाज के लिए रेफर किया जाता है।
हाई-रिस्क मामलों पर खास नजर
जो महिलाएं ज्यादा जोखिम वाली गर्भावस्था की श्रेणी में आती हैं, उन्हें समय रहते बड़े अस्पतालों और विशेषज्ञ डॉक्टरों के पास भेजा जा रहा है। इससे गंभीर हालात बनने से पहले ही इलाज शुरू हो पा रहा है।
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने इस पहल की तारीफ करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब ऐसा हेल्थ सिस्टम बना रहा है, जिसमें हर मां को उसके घर के पास बेहतर देखभाल मिल सके। आम आदमी क्लीनिकों में प्रेगनेंसी केयर का यह विस्तार देश में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नया उदाहरण बन रहा है।"
महिलाओं को मिल रहा भरोसा
इस योजना से फायदा लेने वाली महिलाओं का कहना है कि अब उन्हें जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और पैसे की चिंता भी नहीं रहती। समय पर जांच से उन्हें और उनके परिवार को काफी राहत मिली है।
पंजाब में स्वास्थ्य मॉडल की नई पहचान
आम आदमी क्लीनिकों के जरिए शुरू की गई यह योजना न सिर्फ माताओं और बच्चों की जान बचाने में मदद कर रही है, बल्कि यह दिखा रही है कि सही योजना और मजबूत इरादों से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को भी भरोसेमंद बनाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications