Punjab: गुरदासपुर सेक्टर में सीमा पार कर रहा था पाकिस्तानी नागरिक, BSF ने दबोचा
पाकिस्तान का एक नागरिक पंजाब से गिरफ्तार हुआ है। वो गुरदासपुर में सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने गुरुवार दोपहर पंजाब के गुरदासपुर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया। वो जीरो लाइन को क्रास करके भारतीय सीमा में घुस रहा था। तभी हमारे सतर्क जवानों की नजर उस पर पड़ गई। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही। अभी एक दिन पहले अमृतसर सेक्टर के राजाताल में एक घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया था।
बीएसएफ के मुताबिक घुसपैठिए को गुरदासपुर सेक्टर के निक्का चौकी के पास पकड़ा गया। उसकी पहचान सियालकोट जिले के निवासी आमिर रजा के रूप में हुई है। वो सीमा पर लगी बाड़ को पार कर रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया। सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।
अमृतसर में हुई थी घुसपैठ
पिछले दो दिनों में ये दूसरी गिरफ्तारी है। अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास अमृतसर सेक्टर में राजाताल सीमा चौकी पर तैनात बीएसएफ की 144 बटालियन के जवानों ने 8-9 मार्च की रात एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को रोका था। वो भी बाड़ पार करके भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था। उसने बांग्लादेशी नागरिक के रूप में अपनी पहचान बताई।
मंगलवार रात को दिखा था ड्रोन
बीते मंगलवार को गुरदासपुर सेक्टर में पाकिस्तान की ड्रोन एक्टिविटी पकड़ी गई थी। बीएसएफ के मुताबिक रात को बीएसएफ के 58वीं बटालियन के जवान गश्त पर थे, तभी उनको बीओपी चौतरा के पास ड्रोन की आवाज सुनाई दी। जिस पर जवानों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद आवाज बंद हो गई। हालांकि ये पता नहीं चल पाया कि ड्रोन क्रैश हुआ या फिर वो पाकिस्तान की सीमा में वापस लौट गया। एक्सपर्ट्स के मुताबिक गुरदासपुर से लगती सीमा काफी ज्यादा संवेदनशील मानी जाती है। पाकिस्तान लगातार ड्रग्स और हथियार की तस्करी की कोशिश करता रहता है। पहले तो वो पाकिस्तानी सीमा पार कर ये काम करते थे, लेकिन अब ड्रोन के जरिए तस्करी को अंजाम दिया जा रहा। ऐसे में वहां पर जवान हमेशा अलर्ट रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications