नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर को कैंसर, जेल में बंद पति के लिए लिखी भावुक पोस्ट
Navjot Kaur Sidhu suffering from cancer: नवजोत कौर ने जेल में बंद अपने पति नवजोत सिंह सिद्धू के लिए एक भावुक पोस्ट लिख खुद को कैंसर होने की जानकारी दी है।

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पंजाब की पूर्व मंत्री नवजोत कौर सिद्धू को कैंसर हो गया है। नवजोत कौर सिद्धू ने ट्वीट कर खुद इस बात की जानकारी दी और बताया कि उन्हें स्टेज-2 का कैंसर हुआ है। गौरतलब है कि नवजोत सिंह सिद्धू इस समय पंजाब की पटियाला जेल में बंद हैं और रोडरेज के एक मामले में एक साल की सजा काट रहे हैं। नवजोत कौर ने ट्वीट कर लिखा कि उन्हें स्टेज-2 कैंसर हैं और इसके लिए वो किसी को दोष नहीं दे सकतीं, क्योंकि ये भगवान की मर्जी है।
अपने ट्वीट में नवजोत कौर ने लिखा, 'वो (नवजोत सिंह सिद्धू) एक ऐसे जुर्म के लिए जेल में बंद हैं, जो उन्होंने किया ही नहीं। माफ कर दीजिए उन सभी को, जो इसमें शामिल हैं। जेल से बाहर हर दिन आपका इंतजार करना शायद मुझे आपसे ज्यादा दुख देता है। हमेशा की तरह आपका दर्द बांटने की कोशिश करती हूं। जानती हूं कि ये सब बहुत बुरा है, लेकिन इसमें कुछ सुधार हो रहा है।'
आज सर्जरी होनी है: नवजोत कौर सिद्धू
नवजोत कौर ने आगे लिखा, 'बार-बार आपने न्याय के लिए गुहार लगाई, लेकिन न्याय नहीं मिला और मैंने आपका इंतजार किया। सत्य बहुत शक्तिशाली होता है, लेकिन ये हर बार आपकी परीक्षा लेता है। कलयुग है। माफ करना, आपका इंतजार नहीं कर सकती, क्योंकि मुझे स्टेज-2 कैंसर है। आज सर्जरी होनी है। किसी को इसके लिए दोष नहीं दिया जाना चाहिए, क्योंकि ये भगवान की मर्जी है।'
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने जल्द ठीक होने की कामना की
वहीं, नवजोत कौर की पोस्ट देखने के बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की है। अमरिंदर सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुझे सुनकर बहुत दुख हुआ कि आपको सर्जरी करानी पड़ रही है। लेकिन, इस बात का शुक्र है कि समय से आपको बीमारी का पता चल गया। ईश्वर से आपके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। वाहेगुरु महर करां।'












Click it and Unblock the Notifications