Navjot Kaur Sidhu: कांग्रेस छोड़ने की तैयारी में सिद्धू? चुनाव से पहले पत्नी नवजोत कौर ने किया बड़ा खुलासा
Navjot Kaur Sidhu: पंजाब की सियासत एक बार फिर उबाल पर है, और इस बार चिंगारी लगी है नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के बेहद एक्सप्लोसिव बयान से। उन्होंने खुलकर आरोप लगाया है कि कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री बनाने के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये के सूटकेस घूमते हैं, और बिना मोटी रकम चुकाए कोई सीएम नहीं बन सकता।
उनके इस बयान ने पंजाब कांग्रेस में भूचाल ला दिया है-जहाँ एक ओर विपक्ष इसे कांग्रेस की "खुली पोल" बता रहा है, वहीं पार्टी के अंदर से भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस टिप्पणी के साथ ही सिद्धू के राजनीतिक भविष्य, कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और पंजाब में नेतृत्व संकट पर नई बहस छिड़ गई है।

नवजोत कौर ने क्या कहा?
नवजोत कौर ने ये भी कहा कि जो भी पार्टी पंजाब के भविष्य को सुधारने का अवसर देगी सिद्धू उस दिशा में काम करने के लिए तैयार हैं। नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने एक और बड़ा दावा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में मुख्यमंत्री बनाने के लिए बड़ी रकम की लेन-देन होती है।
उनका कहना है कि उनका परिवार किसी को पैसे नहीं दे सकता, लेकिन वे पंजाब को "स्वर्ण राज्य" बना सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू तभी राजनीति में लौटेंगे जब कांग्रेस उन्हें सीएम का चेहरा बनाएगी।
कांग्रेस में गुटबाज़ी का आरोप
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात करते हुए नवजोत कौर ने कहा कि कांग्रेस में इतनी गुटबाज़ी है कि सिद्धू को आगे बढ़ने नहीं दिया जाएगा। उनके अनुसार, कांग्रेस में पहले से ही पाँच लोग खुद को सीएम चेहरा मान रहे हैं, इसलिए माहौल सिद्धू के पक्ष में नहीं है।
नवजोत कौर का कहना है कि पंजाब में कांग्रेस की स्थिति तभी मजबूत होगी जब नवजोत सिंह सिद्धू को सीएम फेस बनाया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि किसी ने उनसे पैसे नहीं मांगे, लेकिन "जिसके पास 500 करोड़ का सूटकेस होता है, वही सीएम बनता है।"
AAP का हमला-'कांग्रेस सबसे भ्रष्ट पार्टी'
AAP के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह ढिल्लों ने नवजोत कौर के बयान का समर्थन किया और कहा कि इससे कांग्रेस की "हकीकत" सामने आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में टिकट से लेकर सीएम की कुर्सी तक सब कुछ पैसों से तय होता है और पार्टी पूरी तरह टूट चुकी है।
कांग्रेस नेता रंधावा ने सिद्धू परिवार पर निशाना साधा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सु्खजिंदर सिंह रंधावा ने सिद्धू परिवार की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सिद्धू परिवार कांग्रेस में किसी "मिशन" के तहत आया था और अब वह मिशन पूरा हो चुका है।
रंधावा ने टका-सा सवाल किया कि जब सिद्धू पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बने थे, तब उन्होंने किसे "सूटकेस" दिया था?
उन्होंने यह भी कहा कि सिद्धू के बयान विपक्ष की स्क्रिप्ट जैसे लगते हैं, जिससे कांग्रेस को बड़ा नुकसान हुआ।
BJP ने कांग्रेस पर लगाया 'नैतिक पतन' का आरोप
पंजाब BJP अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने दावा किया कि कांग्रेस में सीएम बनने के लिए बड़ी रकम देनी पड़ती है। BJP के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि नवजोत कौर का बयान कांग्रेस के "नैतिक पतन" को उजागर करता है। चुघ के अनुसार, कांग्रेस में नेतृत्व की लड़ाई ने पंजाब की राजनीति को "पैसे के खेल" में बदल दिया है।
सिद्धू का राजनीतिक भविष्य फिर चर्चा में
नवजोत सिंह सिद्धू 2022 में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे चुके हैं। वे चुनाव भी हार गए थे। नवजोत कौर के हालिया बयान से फिर से सवाल उठने लगे हैं कि क्या सिद्धू कांग्रेस में रहेंगे या किसी नई राजनीतिक राह पर जाएंगे। पंजाब में कांग्रेस के पुनरुत्थान की चर्चा के बीच यह बयान एक तरह से पार्टी हाईकमान पर दबाव जैसा माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications