Mohali Civic Polls 2026: मोहाली नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग शुरू, पोलिंग बूथों पर उमड़ी मतदाताओं की भीड़
Mohali Municipal Corporation Election: पंजाब के मोहाली में नगर निगम चुनाव के लिए आज, 26 मई की सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। वोटिंग शुरू होते ही शहर के अलग-अलग पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली। लोग सुबह से ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे।
प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मोहाली के सेक्टर-89 स्थित गवर्नमेंट स्कूल, लखनौर में बनाए गए मतदान केंद्र से सामने आए दृश्यों में बड़ी संख्या में मतदाता कतारों में खड़े दिखाई दिए।

युवा, बुजुर्ग और महिलाएं उत्साह के साथ मतदान करने पहुंचीं। चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक माहौल भी गर्म बना हुआ है और सभी प्रमुख दलों ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
मतदान केंद्रों पर सुबह से लगी कतारें
सुबह मतदान शुरू होते ही कई बूथों पर लंबी लाइनें देखने को मिलीं। लोग गर्मी के बावजूद वोट डालने के लिए घरों से निकल रहे हैं। चुनाव आयोग की ओर से मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया और सुरक्षा जैसी जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मतदान केंद्र पर पहुंचे एक मतदाता ने मीडिया से बातचीत में कहा,बहुत लोग आ रहे हैं और अपने वोट डाल रहे हैं। सभी लोगों को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। लोगों में काफी उत्साह है और आगे भी बड़ी संख्या में लोग मतदान करने आएंगे। मतदाताओं का कहना है कि नगर निगम चुनाव स्थानीय विकास से सीधे तौर पर जुड़ा होता है, इसलिए हर नागरिक को इसमें भाग लेना चाहिए।
स्थानीय मुद्दों पर टिका चुनाव
मोहाली नगर निगम चुनाव में सड़क, सीवरेज, सफाई, ट्रैफिक, पार्किंग, पानी की सप्लाई और शहरी विकास जैसे मुद्दे प्रमुख बने हुए हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार के दौरान लोगों से विकास के वादे किए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस चुनाव के नतीजे आने वाले समय में पंजाब की स्थानीय राजनीति पर भी असर डाल सकते हैं।
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी न हो।
2027 का राजनीतिक मिजाज तय करेगा यह चुनाव
अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत और चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं। राजनीतिक दलों को उम्मीद है कि इस बार मतदाता रिकॉर्ड संख्या में मतदान करेंगे। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि मोहाली नगर निगम का यह चुनाव केवल पार्षदों को चुनने का जरिया नहीं है, बल्कि यह पंजाब की सत्ता पर काबिज 'आप' सरकार के कामकाज का लिटमस टेस्ट भी है। 29 मई को आने वाले नतीजे यह तय कर देंगे कि पंजाब के सबसे आधुनिक और शहरीकृत जिलों में से एक, मोहाली की जनता का मूड किस राजनीतिक करवट बैठ रहा है।














Click it and Unblock the Notifications