पंजाब: पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला 27 मई तक पुलिस रिमांड पर, भ्रष्टाचार के मामले में हुए थे गिरफ्तार
चंडीगढ़, 24 मई: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को बड़ा एक्शन लेते हुए सूबे के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को मंत्रिमंडल से हटा दिया। कार्रवाई के बाद सीएम भगवंत मान ने कहा कि मेरे संज्ञान में एक मामला आया कि मेरी सरकार का एक मंत्री (विजय सिंगला) हर टेंडर के लिए 1 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहा है। मैंने इसे गंभीरता से लिया। मैं उस मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं और उन्हें कैबिनेट से बर्खास्त कर रहा हूं। वहीं अब मोहाली कोर्ट ने पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को 27 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

मंगलवार को पूर्व स्वास्थ्य मंत्री को एसीबी ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद गिरफ्तार किया था। सिंगला कथित तौर पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग द्वारा मंगाई गई सभी निविदाओं पर 1 फीसदी कमीशन ले रहा था। वहीं कार्रवाई के बाद सिंगला को मोहाली के फेज VII पुलिस स्टेशन ले जाया गया। विजय सिंगला के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 8 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। बाद में उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 27 मई तक के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
भ्रष्टाचार पर सख्त पंजाब सीएम
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस पूरे मामले में कहा था कि पुलिस को उनके खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश भी दे रहा हूं। वो अपने विभाग में भ्रष्टाचार में लिप्त थे, उन्होंने यह कबूल भी किया है। AAP पार्टी की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है।
पंजाब: स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को सीएम भगवंत मान ने किया बर्खास्त, गिरफ्तार
कार्रवाई पर सीएम केजरीवाल का बयान
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने स्वास्थ्य मंत्री को भ्रष्टाचार के मामले में बर्खास्त कर उनके ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री मामला दबा सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। केजरीवाल ने कहा कि अब तक सारी पार्टियों में सेटिंग होती थी। वह अपने मंत्रियों को पकड़ना तो दूर यह एक दूसरे के नेताओं के खिलाफ तक कार्रवाई तक नहीं करते थे। ऐसा पहली बार हो रहा है कि कोई पार्टी अपने खुद के मंत्री के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।