'देर रात वो अचानक ही गुरुद्वारे आ गया...', गुरुद्वारा के ग्रंथी ने अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर क्या कहा?
Amritpal Singh arrest: खालिस्तान समर्थक और कट्टरपंथी नेता अमृतपाल सिंह को 23 अप्रैल की सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर पंजाब की मोगा पुलिस ने रोडेवाल गुरुद्वारे के बाहर से गिरफ्तार किया है।

Rodewal Gurudwara cleric on Amritpal Singh arrest: खालिस्तान समर्थक और 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह को पंजाब की मोगा पुलिस ने 23 अप्रैल की सुबह 6:45 पर गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले अमृतपाल सिंह ने सुबह पंजाब के मोगा में रोडेवाल गुरुद्वारे में सिख श्रद्धालुओं को संबोधित किया था। अब गुरुद्वारा के ग्रंथी ने अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी का पूरा घटनाक्रम बताया है।
अमृतपाल ने कहा- मैं 7 बजे सरेंडर करूंगा..
मोगा में रोडेवाल गुरुद्वारा के ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी जसबीर सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ''अमृतपाल सिंह शनिवार रात अचानक ही रोडेवाल गुरुद्वारा में आ गया था। उसने खुद पुलिस को अपनी उपस्थिति के बारे में फोन पर सूचित किया और कहा कि वह आज सुबह 7 बजे सरेंडर करेगा।''
ज्ञानी जसबीर सिंह ने कहा, ''मुझे उसके आने के बारे में जब पता चला तो मैंने उससे बात की। तो उसने (अमृतपाल सिंह) खुद कहा कि गुरुद्वारा साहिब मैं माथा टेकने (पूजा) के बाद खुद सरेंडर कर दूंगा। मैं खुद ही पुलिस को बता दूंगा कि मैं यहां अपनी मर्जी से आया था और अपनी मर्जी से सरेंडर कर रहा हूं। वो पहले नहाए और फिर गुरुद्वारा साहिब जाकर सारे पाठ पूरे किए। फिर उन्होंने संबोधित किया और लोगों को बताया कि मैं यहां सरेंडर करने आया हूं। प्रवचन देने के बाद अमृतपाल गुरुद्वारे से बाहर गया और अपनी गिरफ्तारी दी।''
असम की डिब्रूगढ़ जेल भेजा गया अमृतपाल सिंह
पंजाब पुलिस ने असम के डिब्रूगढ़ जेल में अमृतपाल सिंह को भेज दिया है। अमृतपाल सिंह 18 मार्च 2023 से फरार था। अमृतपाल सिंह के करीबी पपलप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार किए जाने के बाद 11 अप्रैल को असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल भेजा गया था।
पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर क्या कहा?
गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस के IGP सुखचैन सिंह गिल ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, ''हमारे पास इस बात की पुख्ता जानकारी थी कि रोडे गांव के गुरुद्वारे में अमृतपाल सिंह मौजूद है। हमने गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा को रखते हुए अमृतपाल को गिरफ्तार किया है। हम गुरुद्वारे के अंदर नहीं गए थे। उसको गिरफ्तार करने के बाद असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल रवाना कर दिया गया है।''
IGP सुखचैन सिंह गिल ने कहा, '' अमृतपाल सिंह के खिलाफ NSA के वारंट जारी हुए थे जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी NSA के तहत की गई है। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान पंजाब के लोगों ने शांति, कानून व्यवस्था बनाई रखी, जिसके लिए हम उनका धन्यवाद करते हैं। हमने ऑपरेशन चलाकर सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार किया था।''












Click it and Unblock the Notifications