पंजाब में गैंगस्टरों पर नकेल कस रही मान सरकार, पुलिस कर रही धड़ाधड़ कार्रवाई
पंजाब में बदमाशों पर मान सरकार नकेल कस रही है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद एक के बाद एक गैंगस्टर गिफ्तार हो रहे हैं।

पंजाब में जब से नई सरकार के तौर पर आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने मुख्यमंत्री पद संभाला है, तब से विपक्ष लगातार सीएम मान को गैंगस्टर और अपराध को लेकर घेरने में लगा हुआ है। पंजाब में अपराध, नशा और क्राइम पुरानी समस्या नहीं हैं, लेकिन सरकार को घेरने के लिए इससे बड़ा मुद्दा विपक्ष के पास कोई नहीं है। भ्रष्टाचार, किसान, बिजली, पढ़ाई और शिक्षा के स्तर पर लगातार काम करने वाली मान सरकार ने पंजाब में बढ़ते अपराध और नशे पर सख्त रुख अपनाया है। जिसके बाद सूबे में गठित पंजाब पुलिस की एंटी-ड्रग स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और एंटी गैंगस्टर गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) लगातार एक के बाद एक कार्रवाई को अंजाम दे रही है।
पंजाब में एक बार फिर से सिर उठा रहे गैंगस्टरों के लिए पंजाब पुलिस को सीएम भगवंत मान ने सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं, जिसके चलते नशा तस्करी करने वाले और धमकी देकर फिरौती हासिल करने वाले बदमाश लगातार पुलिस के शिकंजे में आ रहे हैं। हाल ही में एक के बाद एक कई पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदमाशों को दबोचा है। इतना ही नहीं उनके पास से हथियार को भी जब्त किया है, जिनका नेटवर्क काफी फैला था।
लॉरेंस का हथियार तस्कर दबोचा
2 दिसंबर को पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने पुरानी अम्बाला रोड ढकोली से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया था। जिसकी पहचान बंटी निवासी जैन चौक, तेलीवाड़ा, जिला भिवानी ( हरियाणा) के तौर पर हुई, जोकि हथियारों का अंतरराज्यीय तस्कर था। बंटी को 20 पिस्तौलें, जिनमें तीन .30 कैलीबर समेत 2 मैगजीनों, दो 9 एमएम समेत 2 मैगजीनों और 15 इंडियन मेड पिस्तौलों समेत 40 जिंदा कारतूस और 11 मैगजीनों के साथ गिरफ्तार किया था।
पवित्र सिंह का खास गुर्गा धरा
ऐसे ही गैंगस्टरों पर लगातार शिकंजा कसते हुए रोपड़ पुलिस गैंगस्टर पवित्र सिंह के एक खास गुर्गे को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार गुर्गे के पास से एक इंपोर्टेड पिस्टल के अलावा 32 बोर की 3 पिस्टल और 34 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
भुप्पी राणा गैंग के मुख्य सरगना पकड़ा
वहीं मोहाली पुलिस ने भुप्पी राणा गैंग के मुख्य सरगना को काबू कर लिया है। पुलिस ने हरियाणा से गैंगस्टर अंकित राणा को पकड़ा। अंकित, भुप्पी राणा गैंग का मुख्य सरगना है। जो पंजाब और आसपास के राज्यों में होटल मालिकों से वसूली का रैकेट चलाता है।
करोड़ों की हेरोइन सहित 3 नशा तस्कर गिरफ्तार
एसटीएफ की लुधियाना टीम ने लाडोवाल के बाइपास से कार की तलाशी दौरान सीट के नीचे छिपा कर रखे बैग से 3 किलो 340 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में साढ़े 15 करोड़ की कीमत आंकी जा रही है। ये बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे, जिनका पीछा कर पकड़ा था।
भगवंत मान का पंजाब को गैंगस्टर मुक्त बनाने का आदेश
बता दें कि हाल ही में नंवबर में पुलिस की मौजूदगी में हुई दो हत्याओं के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए गैंगस्टर मुक्त पंजाब बनाने का आदेश दिया था। उन्होंने अपने इरादे साफ करते हुए कहा था कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications