बॉर्डर पार कर रहे पाकिस्तानी तस्करों को BSF ने गोलियां चलाकर भगाया, 7 किलो हेरोइन मिली
फाजिल्का। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में घुसपैठ, हथियार-ड्रग्स व जासूसी उपकरणों की तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। भारत की बॉर्डर सिक्योरटी फोर्स (बीएसएफ) ने इस बार पंजाब के फाजिल्का व फिरोजपुर सेक्टर के मध्य पड़ती बीओपी के पास 7.89 किलो हेरोइन पकड़ी है।

बीएसएफ की ओर से बताया गया कि, हेरोइन को कुछ लोग बॉर्डर के उस पार से लेकर आए। वह बीती रात अंधेरे का फायदा उठाते हुए भारतीय क्षेत्र में हेरोइन पहुंचाना चाहते थे। उनकी हलचल का पता चलते ही बीएसएफ के जवानों ने उन्हें ललकारा। उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया तो गोलियां चलाईं।
गोलियां चलने पर वे तस्कर तार-बंदी के पार खड़ी फसल व अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। उसके बाद बीएसएफ के जवानों को तलाशी अभियान में उसी जगह से हेरोइन के 8 पैकेट मिले। जिनका वजन 7 किलो 895 ग्राम है। बीएसएफ के जवानों ने बताया कि, तस्करों की संख्या 2 थी, जो पंजाब में हेरोइन फेंकने आए।
अब तक ऐसा बहुत बार हो चुका है जबकि पाकिस्तान की ओर से हेरोइन व अन्य मादक पदार्थ इस तरफ पहुंचाते लोगों को पकड़ा गया है। कुछ ही दिन पहले भारत-पाक सरहद पर खालड़ा सेक्टर में भी बीएसएफ ने 2 पाकिस्तानियों को पकड़ा था। कमांडेंट पीपी नौटियाल ने इस बारे में जानकारी दी।












Click it and Unblock the Notifications