Golden Temple Attack: अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में लोहे की रॉड से हमला, पांच लोग घायल, हमलावर गिरफ्तार
Golden Temple Attack: पंजाब के स्वर्ण मंदिर में लोहे की रॉड से लैस एक व्यक्ति ने श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया जिसमें पांच लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति हरियाणा का रहने वाला है और घटना के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने उसे पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि लोहे की रॉड लेकर एक व्यक्ति ने स्वर्ण मंदिर में अंधाधुंध उत्पात मचाया, जिससे दो सेवादार और तीन श्रद्धालु घायल हो गए। इस व्यक्ति को शुक्रवार, 15 मार्च को स्वर्ण मंदिर के गुरु रामदास सराय में घूमते देखा गया।

Golden Temple Attack: एसजीपीसी कर्मचारियों, श्रद्धालुओं पर हमला
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सचिव प्रताप सिंह के अनुसार, जब उससे उसके अतीत के बारे में पूछा गया तो वह हिंसक हो गया और उसने एसजीपीसी कर्मचारियों तथा अन्य लोगों पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति हरियाणा का रहने वाला है और घटना के बाद SGPC ने उसे उनके हवाले कर दिया।
पुलिस हमले के पीछे के कारण का पता लगा रही है। वहीं घायलों के बारे में जानकारी देते हुए प्रताप सिंह ने बताया कि तीन घायल श्रद्धालु मोहाली, बठिंडा और पटियाला से आए थे, जबकि अन्य दो श्री दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) के सेवादार थे।
Golden Temple Attack: पुलिस ने किया हमलावर को गिरफ्तार
एक सेवादार और बठिंडा के एक श्रद्धालु के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं इनको गंभीर हालत में वल्लाह स्थित श्री गुरु रामदास अस्पताल ले जाया गया। प्रताप सिंह ने के मुताबिक हमलावर और उसके एक साथी को पकड़ लिया गया और पुलिस को सौंप दिया गया। सरकार और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से अपनी अपील में एसजीपीसी सचिव ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढील न बरतने का आह्वान किया।
Golden Temple Attack News: 'यह घटना निंदनीय..' मनजिंदर सिंह सिरसा
स्वर्ण मंदिर की घटना पर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "स्वर्ण मंदिर बहुत पवित्र स्थान है और यहां सभी धर्मों के लोग प्रार्थना करते हैं। यह घटना निंदनीय है...मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जांच करेगी और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।"












Click it and Unblock the Notifications