मनीष तिवारी का चन्नी पर तंज, कहा- पंजाब को चाहिए गंभीर CM, मनोरंजन करने और मुफ्त बांटने वाला नहीं
नई दिल्ली, 12 जनवरी: पंजाब में विधानसभा चुनाव सिर पर हैं, लेकिन सत्ताधारी कांग्रेस में गुटबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर तंज कसा। तिवारी ने एक न्यूज आर्टिकल शेयर करते हुए लिखा कि पंजाब को ऐसे सीएम की जरूरत है जिसके पास पंजाब की चुनौतियों का समाधान हो, कड़े फैसले लेने की क्षमता हो। पंजाब को ऐसे गंभीर लोगों की जरूरत है, जिनकी राजनीति सोशल इंजीनियरिंग ना हो, मनोरंजन और मुफ्त बांटने में ध्यान ना हो, जिसे लोगों ने लगातार चुनावों में नकार दिया है।

वैसे मनीष तिवारी अकेले अपनी पार्टी पर सवाल उठाने वाले नहीं हैं। पंजाब पीसीसी चीफ नवजोत सिंह सिद्धू भी इसी राह पर हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक चन्नी को आगे बढ़ाने वाले वही हैं, लेकिन अब वो चाहते हैं पार्टी उनके चेहरे पर चुनाव लड़े। पंजाब की सभी सीटों पर 14 फरवरी को चुनाव होगा और 10 मार्च को रिजल्ट आएंगे। हाईकमान ने साफ कर दिया है कि वो रिजल्ट से पहले मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान नहीं करेंगे। सिद्धू का मानना है कि पार्टी को इससे नुकसान होगा।
हाईकमान पर सिद्धू ने किया था कटाक्ष
मनीष तिवारी के बयान से एक दिन पहले मंगलवार को सिद्धू ने हाईकमान पर निशाना साधा था। उस दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडियाकर्मियों ने उनसे सीएम चेहरे को लेकर सवाल पूछा, जिस पर सिद्धू ने कहा था कि पंजाब के लोग तय करेंगे कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। आपको किसने कहा कि (कांग्रेस) आलाकमान सीएम बनाएगा?
कांग्रेस के खाते में कितनी सीटें?
आपको बता दें कि पिछले चुनाव में कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में 117 में से 77 सीटें हासिल की थीं। उस दौरान उन्होंने अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन को पंजाब की सत्ता से हटाया था। इस बार इन दोनों दलों के अलावा कांग्रेस के सामने आम आदमी पार्टी भी चुनौती बनी हुई है, जिसने पिछले साल 20 सीटें हासिल की थीं।












Click it and Unblock the Notifications