जापान दौरे के चौथे दिन CM भगवंत मान का ओसाका में बिजनेस रोड शो, जापानी कंपनियों ने जताई भारी निवेश की इच्छा
CM Bhagwant Mann Japan Visit 2025: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के जापान दौरे का चौथा दिन निवेशकों के लिए यादगार बन गया। शुक्रवार को ओसाका में आयोजित भव्य बिजनेस रोड शो में जापान की टॉप इंडस्ट्रियल कंपनियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पंजाब में बड़े पैमाने पर निवेश करने की गहरी रुचि दिखाई।
रोड शो को संबोधित करते हुए सीएम भगवंत मान ने कहा, "जापान-पंजाब के रिश्ते पहले से ही मजबूत हैं और आज का यह उत्साह बताता है कि आने वाले समय में ये रिश्ते और गहरे होने वाले हैं।" उन्होंने कहा कि पंजाब आज दुनिया के सबसे निवेश-अनुकूल राज्यों में शुमार हो रहा है। वजह साफ है - स्थिर नीतियां, तेज निर्णय, सिंगल-विंडो क्लीयरेंस, 24 घंटे बिजली, कुशल युवा और बंदरगाहों से सीधी कनेक्टिविटी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन्वेस्ट पंजाब के जरिए अब तक 1.4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश जमीन पर उतर चुके हैं। फास्टट्रैक सिंगल-विंडो सिस्टम के तहत 173 से ज्यादा सरकारी सेवाएं ऑनलाइन हैं, कई मंजूरियां ऑटो-डीम्ड हो रही हैं और राइट-टू-बिजनेस एक्ट में संशोधन से समयबद्ध क्लीयरेंस मिल रहा है।
सीएम ने कहा, "हमारा मकसद सिर्फ निवेश लाना नहीं, बल्कि निवेशकों का समय और भरोसा बचाना है। सरकार उद्योगों की पार्टनर बनेगी, बाधा नहीं।" उन्होंने यह भी बताया कि 24 सेक्टर्स के लिए उद्योग जगत के दिग्गजों की अध्यक्षता में अलग-अलग कमेटियां बनाई गई हैं, जो सेक्टर-विशेष नीतियां तैयार कर रही हैं।
रोड शो में जापान की दिग्गज संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें JETRO के डायरेक्टर जनरल, ओसाका प्रीफेक्चरल गवर्नमेंट के वरिष्ठ अधिकारी, METI कंसाई के डायरेक्टर जनरल शामिल थे। सीएम ने अलग-अलग कंपनियों से भी वन-टू-वन बैठकें कीं।
- एयर वाटर इंक के साथ औद्योगिक गैस और इंजीनियरिंग सेक्टर में सहयोग
- ओसाका चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ व्यापार व SME सहयोग पर चर्चा
- टोकुशिमा ऑक्शन मार्केट और ग्लोबल वेंचर कंपनी के साथ कृषि मार्केट और सप्लाई-चेन आधुनिकीकरण पर बातचीत
अंत में मुख्यमंत्री ने सभी जापानी निवेशकों को 13-15 मार्च 2026 को मोहाली में होने वाले प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट में आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा, "2035 तक पंजाब की विकास यात्रा में आप भी साझेदार बनें। पंजाब तैयार है, अब आपकी बारी है।" जापान दौरा अभी जारी है और अगले कुछ दिनों में टोक्यो में भी बड़े समझौते होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- पंजाब सीएम भगवंत मान ने जापान में MoU साइन किया, राज्य के लिए सुरक्षित किया 500 करोड़ रुपये का निवेश












Click it and Unblock the Notifications