Chandigarh School Budget: चंडीगढ़ के स्कूलों को वर्ल्ड क्लास बनाने के लिए खर्च होंगे 1263 करोड़
Chandigarh School Budget: देश के आम बजट में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के लिए कुल ₹6,545.52 करोड़ का प्रावधान किया गया है। यह राशि पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के ₹6,983.18 करोड़ के मुकाबले लगभग ₹437.66 करोड़ कम है। हालांकि, केंद्र शासित प्रदेश के स्कूलों और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ी रकम आवंटित की गई है। शिक्षा के लिए 1,263 करोड़ रुपये दिए गए हैं जिनसे स्कूलों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
चंडीगढ़ के बजट में कटौती का मुख्य कारण बिजली विभाग का निजीकरण माना जा रहा है। बिजली विभाग के निजीकरण की वजह से ऊर्जा क्षेत्र पर सरकार का सीधा खर्च घट गया है। इसके बावजूद प्रशासन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास और बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता में रखा है।

Chandigarh School Budget: शिक्षा को सबसे बड़ी हिस्सेदारी
- इस बार के बजट में सबसे अधिक ₹1,263.29 करोड़ शिक्षा क्षेत्र के लिए आवंटित किए गए हैं। इससे केंद्र-शासित प्रदेश की सरकारी शैक्षणिक संस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
- इस राशि से नए सरकारी स्कूलों का निर्माण, मौजूदा भवनों का उन्नयन, डिजिटल क्लासरूम और शिक्षक प्रशिक्षण जैसे कार्य किए जाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य चंडीगढ़ को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मॉडल हब बनाना है।
- बजट में आवंटित राशि से स्कूलों के इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार के साथ ही आधुनिक टेक्नोलॉजी से जोड़ने और डिजिटल क्लासरूम जैसी सुविधाएं भी दी जा सकेंगी।
Chandigarh Budget: शहरी विकास और आवास पर जोर
शहर के विकास कार्यों के लिए ₹1,127.95 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके तहत स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को गति देने, सड़कों के सुधार, पार्किंग व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम होगा। आवासीय योजनाओं के विस्तार को भी इस बजट से मजबूती मिलेगी। इसके अलावा, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ₹647.78 करोड़ आवंटित किए गए हैं। इस फंड से सरकारी अस्पतालों में आधुनिक उपकरण, नए हेल्थ सेंटर और मेडिकल स्टाफ की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
Chandigarh News: परिवहन और बड़े प्रोजेक्टस को प्राथमिकता
- परिवहन क्षेत्र के लिए ₹459.51 करोड़ रखे गए हैं, जिससे इलेक्ट्रिक बसों, सड़क सुधार और ट्रैफिक प्रबंधन को बल मिलेगा। पुलिस और कानून व्यवस्था के लिए ₹800.73 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
- AMRUT 2.0 योजना के तहत 24×7 जल आपूर्ति और सीवरेज सुधार के काम तेज होंगे। डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड की सफाई और नए कचरा प्रसंस्करण प्लांट पर निवेश होगा।
- स्मार्ट सिटी मिशन के अधूरे प्रोजेक्ट पूरे किए जाएंगे। चंडीगढ़ मेट्रो प्रोजेक्ट की DPR और प्रारंभिक तकनीकी कार्यों पर भी खर्च संभव है, हालांकि निर्माण के लिए अलग से केंद्रीय फंड की जरूरत होगी।












Click it and Unblock the Notifications