'इतना एटीट्यूड किस बात का मैडम, बिन मोदी के आप...', वोटर्स को चप्पल मारने वाली बात पर चौतरफा घिरीं किरण खेर
Kirron Kher News: भाजपा नेता और सांसद किरण खेर ने पंजाब के एक कार्यक्रम में विवादित बयान देते हुए कहा, ''दीप कॉम्प्लेक्स (चंडीगढ़) में एक भी बंदा मेरे को वोट न दे तो लानत की बात है। जाकर छित्तर फेरने चाहिए उनको।''

MP Kirron Kher: भाजपा नेता और सांसद किरण खेर 'वोटर्स को चप्पल मारने वाले' बयान को लेकर राजनीतिक पार्टियां और सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गई हैं। चंडीगढ़ से दो बार की सांसद रही किरण खेर किशनगढ़ में एक शिलान्यास समारोह के दौरान दर्शकों को संबोधित कर रही थीं, उस दौरान उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया, उन्हें चप्पलों से पीटा जाना चाहिए।
पंजाबी में बोलते हुए किरण खेर ने कहा, ''दीप कॉम्प्लेक्स (चंडीगढ़) में एक भी बंदा मेरे को वोट न दे तो लानत है। जाकर छित्तर फेरने चाहिए उनको क्योंकि इतने पैसे देकर मैंने उनकी सड़क बनवाई।'' द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक किरण ने जिस वक्त इस अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, उस वक्त वह चंडीगढ़ के मेयर अनूप गुप्ता और नगर निगम आयुक्त अनिंदिता मित्रा के साथ मंच पर बैठी थीं।

कांग्रेस ने कहा- 'गुंडागर्दी है ये तो...'
कांग्रेस ने एक बयान जारी कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नेता किरण खेर ने जनता को संबोधित करते हुए असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे देश में राजनीतिक संवाद के स्तर में गिरावट आई है।
कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लकी ने कहा कि किरण खेर का वो बयान, जिसमें कहा गया है कि जिन लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया, वे चप्पलों से पीटने के लायक थे', बिल्कुल अस्वीकार्य है। ये बयान सत्ता के नशे में भाजपा नेताओं के अहंकार को दिखता है।
चंडीगढ़ के युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज लुभाना ने भाजपा सांसद के लहजे को गुंडागर्दी बताया। उन्होंने कहा, ''नौ साल में यह पहली बार है कि किरण खेर किशनगढ़ आईं। इन नौ सालों के दौरान कोई विकास कार्य नहीं हुआ है।''

सोशल मीडिया यूजर्स ने भी की तीखी आलोचना
किरण खेर अपने बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भी ट्रोल हो रही हैं। एक ट्विटर यूजर्स ने लिखा, ''बीजेपी वालों द्वारा बीजेपी को वोट नहीं देने वालों के खिलाफ शारीरिक हिंसा का यह जुनून क्या दिखाता है? आप अपने निर्वाचन क्षेत्र में सभी के निर्वाचित प्रतिनिधि हैं, चाहे उन्होंने आपको वोट दिया हो या ना दिया हो।'
एक अन्य यूजर ने लिखा, ''इतना एटीट्यूड किस बात का है मैडम। बिना मोदी के आप वोट नहीं ला पाएंगी।''
एक अन्य यूजर ने कहा, ''किरण खेर इतनी अहंकारी हैं और कितने घमंड से बात करती हैं। उन्हें लगता है कि वे अपनी योग्यता के आधार पर चुनाव में लगातार जीत रही हैं। जबकि सच्चाई ये है कि अगर हम पीएम मोदी को समीकरण से बाहर कर दें तो इनमें से कई सांसद नगरपालिका चुनाव भी नहीं जीत सकते हैं।''

AAP ने भी की आलोचना
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेताओं ने भी डीप कॉम्प्लेक्स के लोगों के बारे में किरण खेर की टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना की। चंडीगढ़ से आप के वरिष्ठ नेता प्रदीप छाबड़ा ने किरण खेर से माफी मांगने की मांग की। आप नेता ने दावा किया कि पहले भी भाजपा नेता ने यहां आप पार्षदों को ''बेहूदा (जानवर)'' कहा था।
उन्होंने कहा, "किरण खेर का कहना है कि उन्होंने डीप कॉम्प्लेक्स में एक करोड़ रुपये की लागत से सड़कें बनवाईं लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह अपने मतदाताओं के लिए इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल करें।"












Click it and Unblock the Notifications