AAP नेता अनुराग ढांडा ने खट्टर के बयान की निंदा, बोले- केवल बाबा साहब पर नहीं, संविधान और दलित समाज पर हमला है
Punjab Aam Aadmi Party News: आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने केंद्रीय मंत्री तथा पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पर दिए बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि खट्टर की टिप्पणियां किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। यह बयान सिर्फ एक नेता का नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की दलित विरोधी मानसिकता और नफरत का प्रतीक है।
ढांडा के अनुसार, बाबा साहब को संविधान निर्माता के तौर पर कमतर आंकने की कोशिश सीधे तौर पर दलित समुदाय का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी का इतिहास बाबा साहब और दलितों के अपमान से भरा हुआ है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले संसद में अंबेडकर को 'ट्रेंड' कहकर उनका उपहास किया गया था।

अनुराग ढांडा ने आगे कहा कि बीजेपी ने संविधान बदलने की बात कहकर बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान को नकारने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी बताया कि दलित समुदाय से आने वाले जजों को बदनाम करने के लिए अभियान चलाए गए। ढांडा ने कहा कि अब खट्टर ने बाबा साहब की भूमिका पर सवाल उठाकर उसी 'गंदी सोच' को दोहराया है।
आप नेता ने मनोहर लाल खट्टर की सोच को 'बेहद घटिया और नफरत से भरी' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री रहते हुए खट्टर ने दलित समुदाय को कमजोर करने, बांटने और उनके अधिकारों को समाप्त करने का हर संभव प्रयास किया। ढांडा के अनुसार, खट्टर अपनी टिप्पणी से अपनी 'छोटी मानसिकता' और बीजेपी की 'घृणित विचारधारा' को उजागर कर रहे हैं।
अनुराग ढांडा ने मांग की कि केंद्रीय मंत्री खट्टर को अपने बयान के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बीजेपी खट्टर के बयान से सहमत है, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि पार्टी दलितों और बाबा साहब अंबेडकर के खिलाफ खुलकर खड़ी है। ढांडा ने जोर देकर कहा कि बाबा साहब को कोई छोटा नहीं कर सकता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बाबा साहब संविधान निर्माता थे, हैं और हमेशा रहेंगे। ढांडा ने कहा कि खट्टर जैसे नेता केवल अपनी सोच को छोटा दिखा रहे हैं, जबकि बाबा साहब का कद सदैव ऊंचा रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications