सिद्धू क्यों? जनता से माफी मांगें CM अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू समर्थक विधायक का पलटवार
अमृतसर, 21 जुलाई: पंजाब कांग्रेस की लड़ाई में लगता है कि बुजुर्ग मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के सामने कमजोर पड़ने लगे हैं। आज सिद्धू ने पार्टी विधायकों को अमृतसर में अपने आवास पर नाश्ते के लिए बुलाया था। उनके दफ्तर की ओर से दावा किया गया है कि इसमें करीब 62 कांग्रेस विधायक पहुंचे हैं। इससे भी बड़ी बात ये है कि अब कांग्रेस विधायक खुलकर मुख्यमंत्री पर ही सवाल उठाने लगे हैं। पार्टी विधायक परगट सिंह ने कैप्टन की ओर से सिद्धू के माफी मांगने के बाद ही मुलाकात करने की शर्त को नामंजूर कर दिया है। उन्होंने पूछा है कि सिद्धू को माफी क्यों मांगनी चाहिए ? माफी तो जनता से सीएम को मांगनी चाहिए।
Recommended Video

सीएम को जनता से माफी मांगनी चाहिए- कांग्रेस विधायक
पंजाब कांग्रेस में जारी जंग के बीच पार्टी के नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने आज अपने आवास पर शक्ति प्रदर्शन किया है। उन्होंने पार्टी के विधायकों को नाश्ते पर बुलाया था, जिसमें 62 विधायकों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। प्रदेश में 2017 में हुए चुनाव में पार्टी 77 सीटों पर जीती थी। इस हिसाब से संगठन पर ही नहीं, विधायकों पर भी सिद्धू की दावेदारी मजबूत होती नजर आ रही है। इस मौके पर पार्टी विधायक परगट सिंह ने सीएम अमरिंदर सिंह की ओर से सिद्धू से मुलाकात के लिए माफी मांगने की शर्त रखे जाने के बारे में कहा है, 'सिद्धू को (सीएम से)क्यों माफी मांगनी चाहिए ?' यह कोई जनता का मुद्दा नहीं है। सीएम ने कई मसलों को नहीं सुलझाया है। इस हिसाब से उन्हें भी जनता से माफी मांगनी चाहिए।'

पंजाब पिछड़ता जा रहा है- कांग्रेस विधायक
कांग्रेस के एक और विधायक मदन लाल जलालपुर ने भी मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनके सलाहकार उन्हें गुमराह कर रहे हैं, जिसके चलते पंजाब को भुगतना पड़ रहा है। वो बोले- 'मुझे विश्वास है कि सिद्धू की वजह से 2022 विधानसभा चुनाव जीतेंगे। सीएम के सलाहकार उन्हें गुमराह कर रहे हैं। इसकी वजह से पंजाब पिछड़ता जा रहा है।'
गौरतलब है कि इससे पहले सीएम अमरिंदर सिंह ने साफ कर दिया था कि जबतक नवजोत सिंह सिद्धू सार्वजनिक तौर पर माफीं नहीं मांगते, वे उनसे मुलाकात नहीं करेंगे। असल में कैप्टन अमरिंदर, नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से उनके खिलाफ दिए गए बयानों से खफा हैं।












Click it and Unblock the Notifications