तेलंगाना के बाद पंजाब के एक स्कूल में 14 छात्र मिले कोरोना पॉजिटिव, 2 हफ्ते के लिए स्कूल बंद
चंडीगढ़, 24 नवंबर। कोरोना महामारी के बीच देशभर में स्कूलों को खोलने का फैसला अब राज्य सरकारों पर भारी पड़ता दिख रहा है। पिछले कुछ दिनों के अंदर अलग-अलग राज्यों से बच्चों के कोरोना संक्रमित होने की खबरें सामने आई हैं। इस बीच पंजाब के मुक्तसर साहिब जिले के वडिंग खेड़ा गांव में जवाहर नवोदय विद्यालय के 14 छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एकसाथ 14 बच्चों के कोरोना संक्रमित होने से गांव के लोग सहम गए हैं। वहीं स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रशासन ने स्कूल को 2 हफ्ते के लिए बंद कर दिया है।

बच्चों को स्कूल में ही किया आइसोलेट
जानकारी के मुताबिक, जिन 14 छात्रों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें से 12 छात्र कक्षा 8 के हैं और बाकि 2 कक्षा 9वीं के छात्र हैं। इन छात्रों को स्कूल में ही आइसोलेट कर दिया गया है और स्कूल को बंद कर दिया है। प्रशासन को डर है कि अगर बच्चों को घर भेजा गया तो वो और लोगों को संक्रमित कर सकते हैं।
पंजाब में 2 अगस्त से खोले गए थे स्कूल
आपको बता दें कि पंजाब में 2 अगस्त से सभी कक्षाओं के स्कूलों को खोल दिया गया था। सरकार ने ये फैसला राज्य में कोरोना के मामलों में आ रही कमी को देखते हुए लिया था। हालांकि सरकार ने कड़े दिशानिर्देश जारी किए थे और जिला शिक्षा अधिकारियों को इन निर्देशों का पालन कराने का आदेश दिया गया था, लेकिन स्कूलों को खोलने का फैसला अब सरकार के लिए मुसीबत बन सकता है।
Recommended Video
तेलंगाना में रविवार को 28 छात्राएं मिली थी कोरोना पॉजिटिव
आपको बता दें कि पंजाब से पहले तेलंगाना के खम्मम जिले में रविवार को एक स्कूल में 28 छात्राएं कोरोना संक्रमित पाई गई थी। इस स्कूल में 575 बच्चियां पढ़ती हैं। प्रशासन ने स्कूल को बंद कर सभी संक्रमित बच्चों को आइसोलेट कर दिया था। हालांकि परिजनों ने बच्चियों को घर भेजने की अपील की थी।












Click it and Unblock the Notifications