पुणे: SBI में दिनदहाड़े चोर ले उड़े 28 लाख रुपए कैश, सीसीटीवी में कैद घटना
Pune news, पुणे। पुणे में शंकरशेठ रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक में दिनदहाड़े 28 लाख रुपए चोरी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पैसे जमा करने के बहाने आए चोरों ने कर्मचारियों का ध्यान भटकाकर नोटों से भरा बक्सा चुरा लिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस को कुछ समय बाद तिलक रोड बैग तो मिला, लेकिन उसमे पैसे नहीं थे।

बैंक के काउंटर पर रखा था कैश से भरा बक्सा
पुलिस के मुताबिक, शंकरशेठ रोड पर सेवनलव चौक में भारतीय स्टेट बैंक में गुरुवार को जमा हुए 28 लाख रुपए से भरा बक्सा काउंटर के पास रखा था। सुबह बैंक खुलने के बाद बैंक के कामकाज को लेकर ग्राहकों की लाइन लगी हुई थी। इस लाइन में 10 से 12 लोग खड़े थे, जिन्होंने कर्मचारियों का ध्यान भटकाकर बक्सा चोरी कर लिया और फरार हो गए। इसके बाद चोर के साथ आए बाकी साथी भी बैंक से धीरे-धीरे वहां से चलते बने। यह बात ध्यान में आते ही बैंक कर्मचारी के होश उड़ गए।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
घटना की जानकारी मिलते ही क्राइम ब्रांच और खड़क पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो चोर बक्सा चुराकर भागते दिखे। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications