Varun Gandhi का 'जय श्री राम' वाला बयान हुआ वायरल, कहा - 'नफरत की राजनीति देश को पंहुचा रही है नुकसान'
वरुण गांधी का एक वीडियो वायरल हो गया। जिसमे उन्होंने हिंदू मुस्लिम की राजनीति को लेकर सरकार को घेरा और कहा कि अगर मैं भारत माता की जय व जय श्री राम कहकर चला जाऊं तो उससे लोग गर्म तो हो सकते हैं लेकिन उनको कुछ फायदा नहीं.

बीजेपी सांसद वरुण गांधी का राहुल गाँधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने को लेकर सोशल मीडिया पर काफी कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसी चर्चाओं या कयासों को बल इसलिए भी मिलता है क्योंकि वरुण गांधी काफी दिनों से बीजेपी नेतृत्व और यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ लोकहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। पिछले सप्ताह भी उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत पहुंचे सांसद वरुण गांधी का एक वीडियो वायरल हो गया। जिसमे उन्होंने हिंदू मुस्लिम की राजनीति को लेकर सरकार को घेरा और कहा कि अगर मैं भारत माता की जय व जय श्री राम कहकर चला जाऊं तो उससे लोग गर्म तो हो सकते हैं लेकिन उनको कुछ फायदा नहीं मिलेगा।

"मै एक आस्तिक हिन्दू हूँ" - वरुण गांधी
गौरतलब है कि सांसद वरुण गांधी 21 दिसंबर को एक दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत आए थे। इस दौरान उन्होंने अमरिया क्षेत्र में कई जनसंवाद कार्यक्रम किए थे। इसी कड़ी में उन्होंने अमरिया तहसील की नगरिया कॉलोनी में एक जनसभा के दौरान जनता को संबोधित करते हुए यह बयान दिया था। उन्होंने अपने भाषण में कहा, "मै एक आस्तिक हिन्दू हूँ। मै हर एकादशी पर व्रत रखता हूँ और मेरे घर देवी की अखंड ज्योति भी जलती है। मेरे घर के मंदिर में श्री हनुमान भी विराजमान हैं। लेकिन आज मै आपको एक बात बता दूँ कि हिन्दू मुस्लिम की राजनीति या नफरत की राजनीति इस देश को नुकसान पंहुचा रही है।"
वैसे आपको यह भी बता दें कि भले ही वरुण गांधी बीजेपी से सांसद हैं और वह लोकसभा में बीजेपी सांसदों के साथ बैठते हैं, लेकिन वह विपक्ष की तरह अपनी ही सरकार पर हमलावर रहते हैं। जिससे कई बार बीजेपी असहज स्थिति में पहुंच जाती है।

Recommended Video

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बयान
आगे भाजपा सांसद ने अपने भाषण में कहा, "जब कोई आपसे हिन्दू-मुस्लमान के नाम पर, जाति के नाम पर या क्षेत्रवाद के नाम पर वोट ले रहा है तो समझिये कि आपका कीमती वोट फ्री में जा रहा है। क्योंकि इस मुद्दे में आपकी किसी समस्या का समाधान नहीं है।" इसके आगे वरुण गांधी ने अपना वो बयान दिया जो इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। जिसमें वो कहते हैं, "अगर मै यहाँ आकर कहना शुरू कर दूँ, भारत माता की जय या जय श्री राम तो उससे लोग गर्म तो हो सकते हैं लेकिन इससे किसी का कोई फायदा नहीं होगा। उसके बाद आपको रहना यहीं है।" आखिर में उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा, "इसलिए अपनी ताकत और अपने वोट को मुफ्त में न दें।"
फ़िलहाल वरुण गांधी के बयानों पर सीधे तौर पर तो बीजेपी में चुप्पी है लेकिन अंदरखाने वरुण के बयानों को लेकर ख़ासा कानाफूसी है। जिसके चलते वरुण के हर कदम और हर बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव आते-आते वरुण गाँधी की राजनीति का ऊँठ किस करवट बैठेगा, कयास लगाना मुश्किल है।












Click it and Unblock the Notifications