शर्मनाक: बुजुर्ग मां को घर में कैद कर घूमने निकल गया बेटा, 25 दिन तक भूखी-प्यासी पड़ी रही महिला का हुआ ऐसा हाल
पीलीभीत, 03 दिसंबर: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक बेटे की बेहद शर्मनाक हरकत सामने आई है। बेटा अपनी बुजुर्ग बीमार मां को घर में बंद करके घूमने चला गया। भूख-प्यास से बेहाल बुजुर्ग के चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर पड़ोस के लोगों ने खिड़की से झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। घर में बाहर से लॉक लगा था और अंदर बुजुर्ग महिला बंद थी। लोग खिड़की के जरिए महिला को खाना देते रहे। पड़ोसियों को जब गुरुवार को महिला की आवाज सुनाई नहीं दी, तो मोहल्ले के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अचेत अवस्था में बुजुर्ग महिला को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

महिला को सरकारी आवास हुआ था आवंटित
मामला पीलीभीत की नगर पालिका बीसलपुर स्थित आसरा आवास कॉलोनी का है। 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ उसके अपने बेटे ने ही ऐसी हरकत की, जो कोई दुश्मन के साथ भी न करे। मुहल्ला दुबे की मूल निवासी लल्ली दुबे को यह आवास मिला था। वह अपने बेटे पंकज दुबे के साथ इसी आवास में रहने लगी। बताते हैं कि कभी बुजुर्ग महिला के पास आलीशान मकान था। हालात बदले, धीरे-धीरे सब खत्म होता गया। अपनी छत की तलाश में सरकारी आवास के लिए आवेदन किया, जिसके कुछ समय बाद सरकारी आवास आवंटित भी हो गया था।

बुजुर्ग मां को घर में बंद कर घूमने चला गया बेटा
उम्र के साथ-साथ महिला का स्वास्थ्य खराब रहने लगा। बेटे ने शुरू में तो देखभाल की, लेकिन फिर उसे भी दिक्कत होने लगी। बताया जा रहा है कि बेटा पंकज अपनी बुजुर्ग मां को एक कमरे में बंद कर घूमने चला गया। पड़ोसियों ने बताया कि दीपावली के बाद गोवर्धन के दिन से पंकज दुबे गायब है। बुजुर्ग की चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोगों ने खिड़की से उन्हें भोजन दिया। पड़ोसियों को जब गुरुवार को महिला की आवाज सुनाई नहीं दी, तो मोहल्ले के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने महिला को कराया मुक्त
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर महिला को मुक्त कराया। पुलिस ने अचेत अवस्था में बुजुर्ग महिला को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। करीब एक महीने से एक ही कमरे में बंद रहने से महिला की हालत और बुरी हो गई है। उसके शरीर से दुर्गंध आने लगी।












Click it and Unblock the Notifications