'गौशाला में सोने से खत्म होगा कैंसर', बोले मंत्री संजय गंगवार, गाय को सहलाने से कंट्रोल होगा BP
योगी सरकार में गन्ना राज्य मंत्री संजय गंगवार ने एक अजीबोगरीब बयान दिया है। अब वह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। राज्य मंत्री संजय गंगवार ने कहा कि गाय को सहलाने से ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है। इसके अलावा दिल की समस्याएं भी दूर होती हैं।
इतना ही नहीं राज्य मंत्री संजय गंगवार द्वारा यह भी दावा किया गया की गौशाला में सफाई करके वहां पर लेटने से कैंसर के मरीज ठीक हो जाते हैं। इसका वैज्ञानिक आधार भी है और यह टेस्टेड भी है। राज्य मंत्री द्वारा दिया गया बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, राज्य मंत्री संजय गंगवार रविवार को पीलीभीत जनपद के नौगवां पकड़िया ग्राम पंचायत में नवनिर्मित कान्हा गौशाला का लोकार्पण करने के लिए पहुंचे थे। गौशाला का लोकार्पण करने के साथ ही वहां पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मौजूद लोगों को संबोधित भी किया।
लोगों को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि गौ सेवा सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने यह भी कहा कि किस यह कहना छोड़ दें कि आवारा पशु हमारे खेत चल रहे हैं। हम अपनी मां की सेवा नहीं कर रहे इसलिए मां कहीं ना कहीं नुकसान कर रही हैं।
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि गौ माता का सेवा करने से बहुत सी गंभीर बीमारियां जड़ से खत्म हो जाती हैं। गौ माता में पूरा ब्रह्मांड शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि गाय का दूध अमृत के समान है। सभी लोगों को गौशाला से जुड़ना चाहिए और गायों की सेवा करनी चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि अगर कोई ब्लड प्रेशर का मरीज है तो वह सुबह शाम यदि गाय की पीठ पर हाथ फेरेगा और गाय की सेवा करेगा तो उसका ब्लड प्रेशर ठीक हो जाएगा। महज 10 दिन में दावाओं की खुराक आधी हो जाएगी।
राज्य मंत्री ने कहा कि यदि हम गाय के गोबर से बने उपले जलते हैं तो मच्छरों से राहत मिलती है। गाय जो कुछ भी पैदा करती है वह किसी ने किसी तरीके से हमारे लिए काफी उपयोगी है। साथ ही उन्होंने मौजूद लोगों से अनुरोध किया कि अपने बच्चों का जन्मदिन गौशाला में ही मनाए इससे क्षेत्र के लोगों में एक बेहतर संदेश जाएगा और लोग गायों की सेवा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications