Pilibhit News: खेत की रखवाली कर रहे किसान को बाघ ने मार डाला, वन्यजीवों की वजह से कई गांवों में दहशत
Pilibhit Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में 2 महीने से भेड़ियों का आतंक जारी है। बहराइच के अलावा अन्य जनपदों में भी वन्य जीवों द्वारा इंसानों पर हमला किया जा रहा है। ऐसे में वन्य जीवों के हमले को लेकर ग्रामीण काफी परेशान हैं। इसी बीच पीलीभीत जनपद से भी एक दुःखद खबर सामने आई है।
पीलीभीत जनपद में एक बाघ ने धान की फसल की रखवाली कर रहे 50 वर्षीय किसान पर हमला कर दिया। किसान पर हमला करने के बाद बाघ उसका गर्दन दबाकर जंगल में लेकर चला गया। किसान का क्षत-विक्षत शव बरामद होने के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि पीलीभीत जनपद के काली नगर तहसील क्षेत्र के बांसखेड़ा गांव निवासी 50 वर्षीय किसान केदारी लाल अपने खेतों में लगे धान के फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान बाघ वहां आया और उन पर हमला कर दिया।
बाघ केदारी लाल के गर्दन को अपने जबड़े में दबाकर उन्हें जंगल की तरफ ले जा रहा था इसी दौरान दूसरे किसान की नजर उसके ऊपर पड़ गई। उसके बाद किसानों ने पीछा किया लेकिन तब तक बाघ केदारी लाल को जंगल में लेकर चला गया था।
बाद में काफी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे और शोर मचाते हुए जंगल की तरफ गए। ग्रामीणों को आता देख बाघ वहां से जंगल के अंदर भाग गया। वहीं ग्रामीण जब वहां पहुंचे तो केदारी लाल की मौत हो चुकी थी।
बाघ उनकी गर्दन चबा गया था। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीण किसान का शव लेकर माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर पहुंचे और वहीं पर जाम लगाकर ग्रामीण नारेबाजी करने लगे।
जानकारी मिलने के बाद एसडीएम पूरनपुर राजेश कुमार शुक्ला और सीओ विशाल चौधरी के साथ ही पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेने के साथ ही ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बाद में किसी तरह ग्रामीण शांत हुए। हालांकि दौरान वन विभाग के अफसर से उनकी कई बार तीखी नोंक झोंक हुई। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है बाघ की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications