पीलीभीत: स्टेडियम में हॉकी कोच द्वारा नमाज पढ़ने पर विवाद, हिंदू संगठनों ने की FIR दर्ज करने की मांग
पीलीभीत, 05 सितंबर: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक स्टेडियम में हॉकी कोच द्वारा नमाज पढ़ने पर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू संगठनों से जुड़े कई पदाधिकारियों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए एक थाने में तहरीर दी है। इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) सुनील दत्त शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सार्वजनिक स्थान पर नमाज न हो, इसके लिए पुलिस को निगरानी करने को कहा है।

हिंदू संगठनों में रोष
पुलिस के मुताबिक, हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने स्टेडियम में हॉकी कोच द्वारा नमाज पढ़े जाने का विरोध करते हुए शनिवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। कहा कि कोतवाली क्षेत्र में स्थित गांधी स्टेडियम में एक हॉकी कोच नमाज पढ़ता है, जिससे वहां आने वाले लोगों में रोष है। हिंदू संगठन के लोगों ने इस सिलसिले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने कही जांच की बात
कोतवाली में हंगामे की सूचना पर नगर जिलाधिकारी अरूण कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील दत्त शर्मा, प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी श्रीकांत द्विवेदी बल के साथ कोतवाली पहुंचे। यहां करीब दो घंटे तक बातचीत चली, जिसके बाद अफसरों ने जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गांधी स्टेडियम में दोबारा नमाज नहीं पढ़ने दी जाएगी और कोई भी नई परंपरा नहीं पड़ने दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications