पटना में जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव के मार्च पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, दागे आंसू गैस के गोले
पटना। कांग्रेस की 'जनवेदना मार्च' के बाद अब जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव के विरोध मार्च में पार्टी कार्यकर्ताओं पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इतना ही नहीं भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन से पानी की बौछार भी की। भगदड़ और लाठीचार्ज में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए। बता दें कि रैली का नेतृत्व पप्पू यादव खुद कर रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जाप कार्यकर्ता प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस और सैप के जवान उन्हें रोक रहे थे। लेकिन जाप कार्यकर्ता लगातार आगे बढ़ रहे थे। कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने पहले पानी का बाछौर किया, उसके बाद आंसू गैस छोड़े। कार्यकर्ताओं के नहीं मानने पर जवानों ने लाठीचार्ज किया। मौके पर मौजूद जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने कहा कि सुविधा नहीं तो टैक्स नहीं। रोजगार नहीं तो सरकार नहीं।
उन्होंने कहा कि पटना में जलजमाव के नाम पर सरकार ने करोड़ों का घोटाला कर दिया है। 23 हजार करोड़ रुपए का बंदरबांट हो गया है। जलजमाव से हुई हानि की क्षतिपूर्ति के लिए 23 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गये थे, वे रुपए कहां गए। उन्होंने कहा कि 10 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है। एक-एक परिवार की क्षति लाखों में हुई है, लेकिन उनहें मुआवजा के नाम पर महज छह हजार रुपए दिए जा रहे हैं।