पटना: पप्पू यादव की पार्टी जाप के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बवाल, एक की हालत गंभीर
पटना। बिहार की राजधानी पटना में पप्पू यादव की पार्टी जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की तो पुलिस ने भी आंसू गैस के गोले दागे। इस बवाल में जाप का एक कार्यकर्ता आंसू गैस का गोला लगने से बुरी तरह घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर है और पीएमसीएच में उसका इलाज चल रहा है। जाप ने इस मार्च का आयोजन बिहार में अपराध, शिक्षा और किसान के सवालों को लेकर किया था।
शुक्रवार को जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव के नेतृत्व में राजभवन मार्च किया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने कार्यकर्ताओं को रोका जिसके बाद बवाल शुरू हुआ।
जाप कार्यकर्ता पुलिस पर पत्थर फेंकने लगे तो पुलिस ने भी आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन चलाए। एक कार्यकर्ता को आंसू गैस का गोला लगा और उसके सिर से खून बहने लगा। पंकज नाम का कार्यकर्ता मौके पर ही बेहोश हो गया। पुलिसकर्मियों ने उसे उठाकर पीएमसीएच में भर्ती कराया है।
पप्पू यादव ने इस घटना पर कहा कि हमने लक्ष्मण रेखा पार नहीं की थी, फिर भी नीतीश कुमार की पुलिस ने दो दर्जन से अधिक नेताओं पर जानबूझकर हमला किया और उन्हें घायल कर दिया। हम चुप नहीं बैठेंगे और इसके खिलाफ न्यायालय जायेंगे। सांसद ने कहा कि हर दिन हत्याएं हो रही हैं। सांसद ने कहा कि हमारी मांग बिहार में अपराध पर लगाम और किसानों की अनदेखी के सवाल पर मार्च कर रहे थे।
Read Also: बिहार: पटना के बड़े कारोबारी को बदमाशों ने गोलियों से भूना, मौत