दिल्ली पुलिस का मोस्टवांटेड हरियाणा में चढ़ा हत्थे, मिनटों में अंजाम देता था हत्या-लूट, अपहरण की वारदातें
पानीपत. दिल्ली पुलिस टीम पर जानलेवा हमले के बाद फरार चल रहा मोस्टवांटेड अपराधी हरियाणा के सोनीपत जिले में धर लिया गया है। हरियाणा पुलिस ने उसे पिस्तौल कारतूसों के साथ पकड़ा है। मोनू नामक यह अपराधी सोनीपत के ललहेड़ी का ही रहने वाला है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अपहरण और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में केस चल रहे थे। इसी साल उसने दिल्ली पुलिस पर हमला किया था।

हमले के बाद से ही दिल्ली पुलिस ने मोनू पर 50 हजार रुपये इनाम घोषित कर रखा था। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान सामने आया कि मोनू कुल 18 मामलों में संलिप्त रहा है। उसे सोनीपत के अनिल विहार के नजदीक पकड़ा गया। जहां वह किसी अन्य अपराध को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा था।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि जब पता चला कि मोनू सोनीपत में ही है, तो सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत उधर रवाना हो गई, जहां वह था। अवैध हथियारों के साथ उसे अनिल विहार के पास से दबोच लिया गया। अब उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications