पिस्तौल लेकर एक्सिस बैंक में घुसे लुटेरों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर 10 मिनट में 80 लाख रु. लूटे
पलवल। हरियाणा के पलवल में नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े एक्सिस बैंक की ब्रांच में लूट-पाट की। पिस्तौल दिखाकर बैंककर्मियों को बंधक बनाया और फिर महज 10 मिनट में ही लगभग 80 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम बैंक की ओर दौड़ी। एसपी व डीएसपी भी पहुंच गए। हालांकि, बैंक के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जाने तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा।

डीएसपी विजयपाल ने बताया कि, घटना दोपहर करीब 12:50 बजे की है, हमें हुडा सेक्टर-दो चौक स्थित एक्सिस बैंक से 75 से 80 लाख रुपए की लूट होने की सूचना मिली थी। बैंक कर्मचारियों ने बताया कि लुटेरों की संख्या तीन-चार थी और सभी के पास हथियार थे। अब उन लुटेरों को खोजा जा रहा है। इसके लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। डीएसपी ने कहा कि, फिल्मी अंदाज में की गई लूटपाट का घटनाक्रम सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया है, उसकी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटे हैं।
बैंक में तैनात गार्ड ने बताया कि, बुधवार दोपहर मैं बैंक परिसर के बाहरी हिस्से पर ड्यूटी पर था। तभी लुटेरे आए और सबसे पहले मेरी कनपटी पर बंदूक रखी और फिर बैंक के अन्य कर्मियों को बंधक बनाकर लूट को अंजाम दिया। उसने कहा कि, यह वारदात 10 मिनट में अंजाम दे दी गई। आप सीसीटीवी में उन लुटेरों को साफ देख सकते हैं।
हैरत की बात यह है कि, इस बैंक में तैनात किसी भी गार्ड के पास हथियार नहीं था। इसलिए, घटना के बाद बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि, टीम बनाकर धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications