पाकिस्तान में दो प्रोजेक्ट्स के लिए जापान देगा आर्थिक मदद, साइन हुए डॉक्यूमेंट्स
इस्लामाबाद। जापान की सरकार पाकिस्तान को दो परियोजनाओं के लिए 2.6 अरब रुपए की मदद देगी। पाकिस्तान के अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून की ओर से जारी एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक जापान के विदेश राज्य मंत्री काजूयूकी नकाने ने पाकिस्तान की यात्रा के दौरान इस सहायता के लिए डॉक्यूमेंट्स पर साइन किए हैं। दिलचस्प बात है कि पाकिस्तान जहां पर चीन का चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरीडोर (सीपीईसी) प्रोजेक्ट चल रहा है, जापान की यह मदद कहीं चीन को परेशान न कर दें। चीन और जापान दोनों ही पारंपरिक प्रतिद्वंदी हैं। वहीं जापान, भारत का करीबी है और ऐसे में यह मदद कहीं न कहीं भारत और चीन दोनों को ही परेशान कर सकती है।
कौन से हैं दो प्रोजेक्ट्स
जिन दो प्रोजेक्ट्स के लिए जापान की ओर से पाक को मदद दी जाएगी उसमें से एक परियाजना मुल्तान में मौसम निगरानी राडार लगाने की है। इसके लिए जापान सरकार 2.3 अरब रुपए का अनुदान देगी। दूसरी परियोजना मानव संसाधन विकास छात्रवृत्ति की है। इसके लिए जापान से 36 करोड़ रुपए की मदद मिलेगी। पाकिस्तान के साथ जापान ने 1952 में राजनयिक संबंध किया था तभी से वह उसे विकास के लिए मदद देता रहा है। जापान पाकिस्तान में कराची सहित चार जगहों पर मौसम राडार लगाने के लिए सहायता दे चुका है। इसी तरह पाकिस्तान में 6,500 लोग मानव संसाधन विकास योजना के तहत जापान से छात्रवृत्ति पा चुके हैं। जो मौसम निगरानी रडार जापान की मदद से पाकिस्तान में लगाया जाएगा, माना जा रहा है कि उसके आने के बाद से पाकिस्तान में मौसम की सटीक भविष्यवाणी हो सकेगी। इससे पाकिस्तान में कई प्राकृतिक आपदाओं पर लगाम लगाई जा सकेगी।