नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड्स पर गिरा सोसायटी का भारी-भरकम स्लाइडिंग गेट, एक की मौत
नोएडा, 01 अगस्त: दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-78 स्थित सिक्का कार्मिक सोसायटी में बड़ा हादसा हो गया। सोसायटी के मेन स्लाइडिंग गेट को बंद करते समय गेट सिक्योरिटी गार्ड पर गिर गया। हादसे में सिक्योरिटी गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना रविवार की शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है।

गेट खाेलने गए थे दो गार्ड, तभी हो गया हादसा
कोतवाली प्रभारी शरदकांत शर्मा के मुताबिक, सोसायटी के कामर्शियल एरिया में लगा गेट बंद रहता है। इस गेट पर सिक्योरिटी गार्ड रामहित और सचिन की तैनाती थी। रविवार की शाम करीब साढ़े चार बजे दोनों गेट खोलने गए थे। गेट खोलते समय स्लाइडिंग गेट चैनल से बाहर आकर दोनों के ऊपर गिर गया था। गार्ड रामहित गेट के नीचे दब गया, जबकि सचिन के पैर में चोट आई। सोसायटी में रहने वालों ने बताया कि घटना के बाद रामहित के कमर से निचला हिस्सा काम नहीं कर रहा था।
एक गार्ड की मौत, लोगों ने कहा - पहले भी गिर चुका है गेट
पुलिस के मुताबिक, सिक्योरिटी गार्ड रामहित को सेक्टर-35 स्थित सुरभि अस्पताल ले जाया गया। वहां से सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने रामहित को सफदरजंग दिल्ली रेफर कर दिया। यहां रामहित ने दम तोड़ दिया। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, घायल हुए एक अन्य गार्ड का इलाज चल रहा है। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। सोसायटी के लोगों ने बिल्डर के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाया है। यहां रहने वाली एक महिला ने बताया कि पहले भी यह गेट गिर चुका है, जिसमें एक वाहन क्षतिग्रस्त हुआ था। मामले में कई बार शिकायत भी की गई है, लेकिन बिल्डर की तरफ से कोई कार्य नहीं किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications