ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO पद से हटाई गईं रितु महेश्वरी, IAS रवि कुमार एनजी को मिली जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश सरकार ने चार वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया है, जिसमें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के लिए एक राहत भरी खबर आई। अब प्राधिकरण को अपना स्थायी सीईओ मिल गया है। पिछले 8 महीने से अस्थायी सीईओ के भरोसे कामकाज हो रहा था।
उत्तर प्रदेश सरकार ने रितु माहेश्वरी को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ पद से हटा दिया है। अब उनके पास नोएडा प्राधिकरण का ही जिम्मा रहेगा। उनकी जगह पर रवि कुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है। अभी तक वो सीएम योगी के गृह जनपद गोरखपुर में कमिश्नर पद पर तैनात थे।

रितु माहेश्वरी से नाराज थी सरकार?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कई मुद्दों को लेकर किसान प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उसको खत्म करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। दो हफ्ते पहले सीएम योगी गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के दौरे पर आए। उसको देखते हुए आनन-फानन में किसानों का धरना खत्म करवाया गया।
सूत्रों के मुताबिक सीएम को जब इस बात की खबर मिली, तो वो नाराज हो गए। तब से ही ग्रेटर नोएडा के लिए स्थायी सीईओ की तलाश की जा रही थी। अब जब ट्रांसफर की लिस्ट आई, तो उसमें रवि कुमार को ये जिम्मेदारी दी गई।
बीजेपी नेताओं ने की थी शिकायत?
सूत्रों के मुताबिक सीईओ रितु माहेश्वरी नोएडा और ग्रेटर नोएडा दोनों प्राधिकरण का काम देख रही थीं, ऐसे में उनके ऊपर बोझ ज्यादा हो गया था। इसके अलावा वो ग्रेटर नोएडा में जनता से जुड़ी चीजों को कम देख पा रही थीं। दावा ये भी किया जा रहा कि कई बीजेपी नेता उनसे नाराज थे। उनका आरोप था कि उनके कार्यकाल में औद्योगिक विकास के लिए कई गलत योजनाएं चलाई गईं।
सूत्रों ने ये भी बताया कि उनको हटवाने के लिए बीजेपी नेताओं ने हाईकमान से शिकायत की थी। ऐसे में अब नए अधिकारी की तैनाती हुई है।












Click it and Unblock the Notifications