Noida Viral Video: पहले चलते ट्रक में घुसा अजगर, नीचे उतारा तो बाइक को जकड़ा, हैरान कर देगा रेस्क्यू
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में गुरुवार रात एक हैरान कर देने वाली घटना हुई। यहां से गुजर रहे एक ट्रक के केबिन में अचानक कई फीट लंबा अजगर घुस गया। अजगर को देख ट्रक चालक और परिचालक के होश उड़ गए। उन्होंने ट्रक को बीच सड़क खड़ा कर ट्रक से छलांग लगा दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का रेस्क्यू किया गया।
चलते ट्रक के केबिन में घुसा अजगर
दरसअल, गुरुवार रात करीब 12:30 बजे एक ट्रक सूरजपुर की तरफ से कासना की तरफ जा रहा था। इसी बीच बीटा 2 थाना क्षेत्र के परी चौक गोल चक्कर के पास पहुंचते ही अचानक से परिचालक को केबिन के अंदर एक अजगर आता दिखाई दिया। ट्रक के केबिन में एकाएक अजगर को देख वो चिल्लाने लगा। इसके बाद चालक और परिचालक ट्रक को सड़क पर खड़ाकर ट्रक से कूद गए।

बीच सड़क खड़ा ट्रक और चालक-परिचालक का शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग उस अजगर का वीडियो बनाने लगे। पुलिस ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। चूंकि वन विभाग की टीम को आने में कुछ समय था इसलिए पुलिस खुद उस अजगर को रेस्क्यू करने में जुट गई।

ट्रक से उतरा तो बाइक से लिपट गया अजगर
कड़ी मशक्कत के बाद जैसे-तैसे लोगों ने ट्रक से उस अजगर को बाहर निकाला। लेकिन अजगर भी इतनी आसानी से हार मानने वाला नहीं था। उसे जैसे ही ट्रक से नीचे उतारा तो अजगर पास में ही खड़ी हुई एक मोटरसाइकिल में जाकर लिपट गया। अजगर इस मोटरसाइकिल पर काफी देर तक लिपटा रहा। इसके बाद पुलिस ने अजगर को रस्सी, कपड़े व अन्य चीजों की मदद से पकड़ने की कोशिश की।
करीब 2 घंटे चला रेस्क्यू
आपको बता दें कि अजगर को मोटरसाइकिल से निकालने में पुलिस के भी पसीने छूट गए। अजगर का रेस्क्यू करने में करीब डेढ़ से 2 घंटे का समय लग गया। आखिरकार पुलिस ने अजगर पर काबू पा लिया। फिर करीब 2:30 बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने अजगर को वन विभाग की टीम को सुपुर्द कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications