गौरव चंदेल मर्डर: प्रियंका गांधी ने यूपी की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, कही ये बातें
Recommended Video
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बीते दिनों में हुई मैनेजर गौरव चंदेल की हत्या और लूट मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मामले में यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर नोएडा जैसी लोकेशन पर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं तो पूरे यूपी में क्या स्थिति होगी?
बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या, लूट ले गए गाड़ी-मोबाइल
बता दें, बीती छह जनवरी की रात गुड़गांव से लौटते समय पर्थला गोल चक्कर के पास गौरव चंदेल की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बदमाश गौरव की किआ सेल्टॉस गाड़ी, दो मोबाइल, लैपटॉप और पर्स लूटकर ले गए थे। अभी तक मृतक के मोबाइल और गाड़ी का कोई पता नहीं है।
प्रियंका गांधी ने साधा निशाना
हत्या और लूट के छह दिन बीतने के बाद अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। रविवार को प्रियंका गांधी ने मामले में ट्वीट करते हुए कहा, ''प्रबंधक के पद पर काम करने वाले गौरव चंदेल जी की नोएडा में अपराधियों ने हत्या कर दी थी। लूट-पाट के बाद हुई हत्या में सरकार की कार्रवाई अभी तक ढीली-ढाली ही है। नोएडा जैसे लोकेशन पर अगर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं तो पूरे यूपी में क्या स्थिति होगी?''