नकाब में आई लड़की और प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही महिला का कर दिया काम तमाम
नोएडा। उत्तर प्रदेश स्थित गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के सलारपुर में उस वक्त सनसनी मच गई जब एक महिला की उसके घर में घुस कर हत्या कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार सलारपुर स्थित साईं कालोनी में एक युवती ने प्रेमी के साथ लिव इन में रह रही महिला की गोली मार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद युवती एक बाइक सवार युवक संग फरार हो गई।
लिव इन में रहते थे साथ
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार साईं कालोनी में हेमवती के तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर 30 वर्षीय कुणाल और 28 वर्षीय कंचन लिव इन में रहते थे। कुणाल मूलतः यूपी के ही कानपुर का है और कंचन रायबरेली की। कुणाल और कंचन इसी महीने की 5 तारीख को इस मकान में आए थे। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 39 पुलिस पहुंची और कंचन को सेक्टर 110 स्थित यथार्थ हॉस्पिटल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोली मारकर फरार
हेमवती के घर में रहने वाले अन्य किरायेदार कंचन और कुणाल को पति पत्नी समझते थे। घटना बुधवार (16 अगस्त) की सुबह 10.30 बजे की है जब नीली टीशर्ट और काला हेलमेट लगाए युवक घर के बाहर खड़ा था। उसके पीछे पीले सलवार और सूट पहनी युवती जिसने अपना मुंह चुन्नी से बांध रखा था, वो बैठी थी। युवती बाइक से उतरी और कंचन के कमरे में गई। वहं कुछ सेकेंड्स की बातचीत के बाद ही गोली चला दी। युवती के कंचन की गर्दन से पिस्टल सटाकर गोली चलाई और युवक के साथ फरार हो गई।
7-8 महीने से हैं नोएडा में
एसपी अभिनंदन ने जानकारी दी कि कुणाल से पूछताछ के दौरान पता चला कि कंचन की शादी लखनऊ के ही किसी श्याम नाम के शख्स से हुई थी। हालांकि अब उनका डिवॉर्स केस चल रहा था। बताया गया कि सलारपुर से पहले कंचन और कुणाल बरौला गांव में किराए पर रहते थे। दोनों यहां लगभग 7-8 महीने से थे। इससे पहले वो कानपुर में रहते थे। कुणाल ने जानकारी दी कि सेक्टर 41 स्थित स्कूल में कुक है और कंचन कानपुर में किसी केबल ऑपरेटर के यहां काम करती थी। दोनों की मुलाकात कानपुर में रहने के दौरान ही हुई थी।
पति, कुणाल या पूूर्व प्रेमी?
एसपी अभिनंदन ने जानकारी दी कि कंचन के पति, परिवार या उसके पूर्व प्रेमी के बारे में कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी है। बताया कि कंचन का कोई पूर्व प्रेमी है जो दिल्ली में ही रहता है। पुलिस कुणाल, उसके पति और पूर्व पति को ध्यान में रख कर केस की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: पत्नी को सबक सिखाने के लिए 11 साल के भाई का गला घोंटा