अधेड़ ने की थी नोएडा में दोनों युवतियों से छेड़खानी, हुआ गिरफ्तार
नोएडा। डीएलएफ मॉल से शॉपिंग से लौटते वक्त दो युवतियों के साथ हुए छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम अभिषेक अग्रवाल है और उसकी उम्र 48 साल है। वो नोएडा सेक्टर 105 में रहता है।

एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि गाड़ी के नंबर के आधार पर ट्रेस करने पर आरोपी का पता फर्जी निकला। इसके बाद सर्विस सेंटर से मिले मोबाईल नंबर को ट्रेस किया गया। जिसके बाद आरोपी की लोकेशन सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन मिली। पुलिस ने वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही कार भी बरामद कर ली।
क्या था पूरा मामला
घटना सोमवार देर शाम हुई थी। एक जाने-माने अंग्रेजी अखबार में काम करने वाली दो युवतियां सेक्टर-18 स्थित डीएलएफ मॉल में शॉपिंग करने गई थीं। देर शाम करीब साढ़े आठ बजे मॉल से बाहर निकली तो सफेद रंग की टोयटा ईटियोस सवार मनचला जो कि गाड़ी खुद ड्राइव कर रहा था और नशे में धुत्त था, उसने कार का हार्न लगातार बजाना शुरू कर दिया।
उसने करीब 100 मीटर तक दोनों का पीछा किया। जब युवतियों ने इसका विरोध किया तो उसने एक युवती को कार में खींचने की कोशिश भी की थी। जब वो ऐसा नहीं कर पाया तो उसने दोनों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। बाद में कार की फोटो खींचने पर मनचला वहां से फरार हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications