जानिए क्यों खफा हैं केजरीवाल-सिसोदिया के पड़ोसी?
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और कुमार विश्वास दिल्ली के भाग्य विधाता बनने के सपने देख रहे हैं। पर, ये सभी रहते हैं उत्तर प्रदेश में। दिल्ली को स्वर्ग बनाने के सपने देखने वाले इन तीनों नेताओं के पड़ोसी इनसे खफा हैं।

इनका पड़ोसियों की परेशानियों से इनका कोई वास्ता नहीं है। मगर दिल्ली जैसी लूली-लंगड़ी विधानसभा फतेह करने के लिए प्रयासरत हैं। दिल्ली से सटे कौशांबी में केजरीवाल के पड़ोसी सुनील झा कहते हैं कि हमारे इलाके में पुलिस व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। अपराधी जो चाहते हैं करते हैं। सफाई कर्मी अपना काम नहीं करते। सारे दफ्तरों में अराजकता फैली है। पर केजरीवाल को अपने इलाके की नहीं बल्कि दिल्ली की चिंता है।
बैचेन पुलिस
बेचारी गाजियाबाद पुलिस इनकी सुरक्षा के लिए बेचैन रहती है। मजे की बात कि वसुंधरा थाने के पास इतनी भी फोर्स नहीं है कि कनावनी पुलिया अथवा वसुंधरा व इंदिरापुरम में दिन-दहाड़े होने वाली लूट, गुंडागर्दी और छिनताई पर काबू पा ले पर इन तीनों नेताओं की सुरक्षा के लिए जी-जान एक किये रहती है।
क्यों नहीं रहते दिल्ली में
वरिष्ठ लेखक शंभूनाथ शुक्ल कहते हैं कि मेरा इन तीनों से निवेदन है कि या तो वसुंधरा, वैशाली, इंदिरापुरम और कौशाम्बी को दिल्ली में लाने की मुहिम चलाएं वर्ना फिर दिल्ली ही रहें जाकर। ये नेता हमारा हक मार रहे हैं। इस इलाके की परेशानियों के लिए ये कभी खड़े नहीं होते। पिछले पखवाड़े भर से गाजियाबाद में सेनेटरी इंस्पेक्टर लूट मचाए हैं, बाजार बंद है और दूकानदार व फैक्ट्रीमालिक बेहाल हैं। पर इन नेताओं ने अपने इलाके की इतनी बड़ी समस्या के लिए आज तक मुंह नहीं खोला।
तो सवाल यह है कि राजनीति में ये अपने आसपास के लोगों की अनदेखी करते हैं तो दिल्ली में कौन-सा खूंटा उखाड़ लेंगे?












Click it and Unblock the Notifications