केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से भी झटका, LG जंग ही होंगे दिल्ली के बॉस
नई दिल्ली। केंद्र सरकार से अधिकारों की लड़ाई को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से भी झटका लगा है।

केंद्र से अधिकारों की लड़ाई में केजरीवाल को झटका
सर्वोच्च अदालत ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगाने से इन्कार करते हुए साफ कर दिया उपराज्यपाल नजीब जंग ही दिल्ली के प्रशासनिक मुखिया बने रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से एक बात तो साफ हो गई कि उपराज्यपाल ही दिल्ली के बिग बॉस बने रहेंगे।
बता दें कि एक दिन पहले ही हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार को बड़ा झटका देते हुए 21 आप विधायकों के संसदीय सचिव बनाने की नियुक्ति को रद्द कर दिया था।
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार की सात याचिकाओं पर केंद्र सरकार और उपराज्यपाल नजीब जंग को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है।
7 याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब
जस्टिस एके सीकरी और एनवी रमन्ना की पीठ ने केंद्र सरकार को छह हफ्ते में जवाब देने का समय दिया है। मामले को अगली सुनवाई 15 नवंबर को होगी।
केजरीवाल सरकार की ओर से वरिष्ठ वकीलों में केके वेणुगोपाल, पीपी राव, गोपाल सुब्रहमण्यम, राजीव धवन, दयान कृष्णन और इंदिरा जयसिंह शामिल थी। उनके आग्रह के बावजूद भी सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने से इंकार कर दिया।
बता दें कि चार अगस्त को दिल्ली हाईकोर्ट ने अहम फैसले में कहा था कि दिल्ली के बॉस उपराज्यपाल ही हैं। हाईकोर्ट ने कहा था कि उपराज्यपाल ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के प्रशासनिक प्रमुख हैं।












Click it and Unblock the Notifications