IAS छोड़ Unacademy शुरू करने के बाद Roman Saini की जिंदगी कितनी बदली? VIDEO में कही दिल की बात
नई दिल्ली, 20 सितम्बर। रोमन सैनी और अनएकेडमी किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। रोमन सैनी वो शख्स हैं जिन्होंने भारतीय प्रशासिक सेवा (IAS) जैसी प्रतिष्ठित जॉब छोड़कर कोचिंग संस्थान Unacademy की नींव रखी और लाखों युवाओं के ख्वाबों को पंख लगाए। साल 2016 में शुरू हुई अनएकेडमी साल 2022 में 1474 करोड़ टर्नओवर वाली संस्था बन गई है।

कितनी बदली रोमन सैनी की जिंदगी?
बहुत सारे लोगों के जेहन में अक्सर यह सवाल भी होता है कि रोमन सैनी का आईएएस छोड़ने का फैसला कितना सही साबित हुआ? Unacademy जैसा स्टार्टअप शुरू करने के बाद रोमन सैनी की जिंदगी कितनी बदली? रोमन सैनी से अनएकेडमी का संचालन करते हुए जिंदगी में क्या सीखा? इन सारे सवालों के जवाब खुद रोमन सैनी ने दिए हैं।

दीपांशु सिंह ने शेयर किया वीडियो
दरअसल, अनएकेडमी में पढ़ाने वाले दीपांशु सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने रोमन सैनी से अनएकेडमी को लेकर सवाल पूछा। उसके जवाब में रोमन सैनी ने अपने दिल की बात कही है। रोमन सैनी ने बताया कि साल 2016 में अनएकेडमी शुरू करने से लेकर साल 2022 तक उनकी जिंदगी में ऐसा कौनसा पल आया जो उनके दिल को छू गया।
दीपांशु सिंह ने रोमन से पूछा ये सवाल
The Legend himself कैप्शन के साथ शेयर किए गए वीडियो में दीपांशु सिंह कहते हैं कि उनके साथ रोमन सैनी हैं, जो बड़ी मुश्किल से किसी वीडियो में आने के लिए तैयार होते हैं। दीपांशु सवाल करते हैं कि 'रोमन सैनी जब 2016 में हमने अनएकेडमी शुरू किया तब रात को 3 जे तक बात करते थे। आप मुझे में अनएकडेमी से जुड़कर पढ़ाने को बोलते थे। 2016 से लेकर 2022 तक अनएकडेमी के लिए क्या डिफाइनिंग मोमेंटम रहा आपके हिसाब से?

ये मेरी जिंदगी का डिफाइनिंग मोमेंटम-रोमन सैनी
दीपांशु सिंह के सवाल के जवाब में रोमन सैनी कहते हैं कि ' जब स्टूडेंट था और जो टीचर हमें पढ़ाया करते थे तब मैंने महसूस किया कि वो टीचर सीए, डॉक्टर, लॉयर या अन्य किसी प्रोफेशन को चुनना चाहते थे। आमतौर टीचर बनना उनकी प्राथमिकता नहीं थी। इसलिए वो इतने अच्छे टीचर नहीं थे जबकि अनएकेडमी से दीपांशु सिंह जैसे कई लोग जुड़े हैं, जो दस अन्य जॉब भी कर सकते थे, मगर टीचर बनना इनकी प्राथमिकता थी और आज ये पढ़ा रहे हैं। इसी बात से मैं संतुष्ट हूं और अनएकेडमी में यही मुझे डिफाइनिंग मोमेंटम लगता है।

कौन हैं रोमन सैनी?
बता दें कि 27 जुलाई 1991 को जन्मे रोमन सैनी मूलरूप से राजस्थान के जयपुर जिले के कोटपूतली इलाके गांव रायकरणपुरा के रहने वाले हैं। महज 16 साल की उम्र में एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का टेस्ट पास करने के बाद दाखिला लेकर ये डॉक्टर बन गए थे। फिर यूपीएससी 2013 में 18वीं रैंक पाकर आईएएस बने। इन्हें मध्य प्रदेश कैडर मिला था। रोमन सैनी को मध्य प्रदेश के जबलपुर में सहायक कलेक्टर के पद पर लगाया गया था। फिर रोमन सैनी ने आईएएस छोड़कर दिसम्बर 2015 में अपने दोस्त गौरव मुंजाल व हिमेश सिंह के साथ मिलकर अनएकेडमी की नींव रखी।

क्या है अनएकेडमी?
बता दें कि अनएकेडमी ऑनलाइन स्टडी का प्लेटफॉम है, जिसमें अनुभवी और काबिल टीचर विभिन्न तरह के कोर्स फीस लेकर व निशुल्क पढ़ाते हैं। यह भारत का सबसे बड़ा ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफार्म है। इसमें प्रत्येक कोर्स की फीस अलग अलग होती है। अनएकेडमी में 1000 रुपये से लेकर 30000 रुपये तक के कोर्स मिल जाते हैं। कई वेबसाइट यह भी दावा करती हैं कि Unacademy की शुरुआत सबसे पहले 2010 में गौारव मुंजाल द्वारा एक YouTube चैनल के रूप में की गई थी। बाद में दिसम्बर 2015 में रोमन सैनी व हिमेश सिंह ने इसे ज्वाइन किया और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।












Click it and Unblock the Notifications