सर्वे: दिल्ली में झाडू साफ, अकेले दम पर भाजपा बनाएगी सरकार
नयी दिल्ली। दिल्ली विधानसभा भंग होने के बाद सबसे पहला ओपीनियन पोल सामने आ गया है। पहले ओपीनियन पोल में दिल्ली में बाजपा की सरकार बनती दिखाई दे रही है। दिल्ली के सियासी मिजाज को समझने और मतदाताओं के मूड भांपने की एबीपी न्यूज़-नीलसन ने ओपीनियन पोल जारी किया है।
इस सर्वे के मुताबिक दिल्ली में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनती दिख रही है। दिल्ली में मोदी की लहर भले ही चल रही हो, लेकिन मुख्यमंत्री की पहली पसंद अरविंद केजरीवाल ही है। एबीपी न्यूज़-नीलसन ओपिनियन पोल के मुताबिक अगर अभी विधानसभा चुनाव हुए तो बीजेपी को 46 सीटें हासिल होती दिखाई दे रही है, जबकि आम आदमी पार्टी की सीटें पहले से घट गई है।
उसे सिर्फ 18 सीटें मिलती दिखाई दे रही है। जबकि कांग्रेस की झोली में महज़ 5 सीटें जाएंगी। वहीं एक सीट अन्य के खाते में जा सकती है। अगर इन नतीजों में बहुत ज्यादा का उलटफेर नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की हालत खराब हो सकती है। हरियाणा और महाराष्ट्र की तरह दिल्ली में भी कांग्रेस का डब्बा गुल हो जाएगा तो वहीं केजरीवाल की साख पर सवाल लग जाएगा। दिल्ली में अगर आप की स्थिति ऐसी रही तो केजरीवाल की राजनीतिक सफर का अंत तय है।