सीबीआई के पूर्व निदेशक जोगिंदर सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन
जोगिंदर सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को दिल्ली के लोधी श्मशान घाट पर किया जाएगा। जोगिंदर सिंह महज 20 साल की उम्र में भारतीय पुलिस सेवा के लिए चुन लिए गए थे।
नई दिल्ली। केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के पू्र्व निदेशक जोगिंदर सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया है। उनकी उम्र 77 साल थी और वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को दिल्ली के लोधी श्मशान घाट पर किया जाएगा। जोगिंदर सिंह महज 20 साल की उम्र में भारतीय पुलिस सेवा के लिए चुन लिए गए थे। वह 1996 से लेकर 1997 तक सीबीआई निदेशक रहे।

सीबीआई में शामिल होने से पहले जोगिंदर बिहार में पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह कर्नाटकर में उपमहानिरीक्षक, महानिरीक्षक, युवा सेवा निदेशक और कर्नाटक सरकार के विशेष गृहसचिव भी रह चुके हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने वाणिज्य मंत्रालय में निदेशक और नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो में महानिदेशक के तौर पर भी अपनी सेवाएं दीं। वह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में महानिदेशक का पदभार भी संभाल चुके हैं और गृह मंत्रालय में विशेष सचिव के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।


Click it and Unblock the Notifications
