दिल्ली में हथियारों की खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार, एमसीडी चुनाव में हिंसा की थी तैयारी
एमसीडी चुनाव में हिंसा फैलाने की कोशिश को दिल्ली पुलिस ने क्रैक कर दिया है। एक तस्कर के पास से 30 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और एक कार्बाईन बरामद की गई है।
नई दिल्ली। एमसीडी चुनाव से पहले दिल्ली पुलिस ने एक तस्कर को हथियारों की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। इन हथियारों का इस्तेमाल एमसीडी चुनाव में दहशत फैलाने के लिए किया जाना था लेकिन पुलिस ने पहले ही तस्कर को हथियारों के साथ पकड़ लिया। तस्कर के पास से 30 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और एक कार्बाईन बरामद की गई है।
दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर( स्पेशल सेल) संजीव कुमार यादव ने बताया कि तस्कर को हथियारों के साथ निजामुद्दीन के पास से गिरफ्तार किया गया। जिसकी पहचान राजपाल सिंह के रूप में हुई है। राजपाल मध्यप्रदेश का रहने वाला है। वो हथियारों का कंसाइनमेंट किसी को देने वाला था।
पुलिस के मुताबिक बरामद हुई हथियारों की कीमत ग्रे मार्केट में करीब एक से डेढ़ लाख रुपए हैं। एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल की कीमत करीब 25 से 40 हजार रुपये होती है। जो हथियार बरामद हुए है वो निम्न दर्जे के है जिनका निर्माण मध्यप्रदेश में किया गया है।
पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है राजपाल जिसको हथियार देना चाहता था। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है
आपको बता दें कि पिछले कुछ सालों से दिल्ली से सटे राज्यों के रास्ते हथियारों की तस्करी बढ़ी है और ऐसे कई मामले सामने आए है।
गुरुवार को दिल्ली के हरकेश नगर से एक हथियारों के तस्कर को 20 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। उस तस्कर की पहचान तैयब के रूप में हुई थी जो यूपी का रहने वाला है।
आपको बता दें कि दिल्ली में रविवार को नगरपालिका चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को साफ करने के लिए कई जरुरी कदम उठाए हैं। जिसके बाद चुनावों में हिंसा की घटनाएं काफी कम हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications